मेवात इंजीनियरिंग कॉलेज में कक्षाएं शुरू, वक्फ बोर्ड प्रशासक ने छात्रों से की मुलाकात
नूंह, 13 नवंबर (हि.स.)। मेवात इंजीनियरिंग कॉलेज, पल्ला में करीब 40 दिनों तक चले धरना प्रदर्शन के समाप्त होने के बाद शुक्रवार को हरियाणा वक्फ बोर्ड के प्रशासक जाकिर हुसैन कॉलेज पहुंचे। यहां उन्होंने छात्रों से मुलाकात कर उनकी मांगों पर अब तक हुई कार्रवाई और आगामी कार्ययोजना को लेकर विस्तार से चर्चा की। इस दौरान छात्रों ने उनके सामने अपने सुझाव रखे, जिन पर प्रशासक ने सहमति जताते हुए उन्हें जल्द अमल में लाने का भरोसा दिया। मुलाकात के बाद छात्रों ने जाकिर हुसैन के समर्थन में 'जाकिर हुसैन जिंदाबाद' के जमकर नारे लगाए।
कॉलेज के कांफ्रेंस रूम में काफी संख्या में मौजूद छात्रों से बातचीत करते हुए जाकिर हुसैन ने कहा कि छात्रों की सभी मांगें मान ली गई हैं। उनकी मांगों को पूरा करने की दिशा में काम किया जा रहा है। कुछ मांगों पर पहले से ही कार्य प्रगति पर है, जबकि शेष मांगों पर भी जल्द काम शुरू किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि मेवात इंजीनियरिंग कॉलेज का संचालन पहले भी हरियाणा वक्फ बोर्ड करता रहा है और आगे भी बोर्ड ही इसका संचालन करेगा।
इस दौरान प्रशासक ने छात्रों को मिठाई खिलाकर उनका मुंह मीठा कराया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने छात्रों से अपील की कि अब आंदोलन समाप्त हो चुका है, इसलिए सभी अपना पूरा ध्यान पढ़ाई पर लगाएं और बेहतर शैक्षणिक परिणाम हासिल करने के लिए मेहनत करें।
छात्रों की ओर से अगुवाई कर रही छात्रा साजिदा ने सभी मांगों को स्वीकार करने पर जाकिर हुसैन का तहेदिल से आभार जताया। उन्होंने कहा कि छात्रों की समस्याओं को सुनकर उनके समाधान की दिशा में कदम उठाए गए हैं। मुलाकात के बाद छात्रों ने जाकिर हुसैन जिंदाबाद के नारे लगाकर उनका स्वागत किया। छात्रों से मुलाकात से पहले जाकिर हुसैन ने कॉलेज परिसर में चल रहे सुधार कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को विकास कार्यों में तेजी लाने और निर्धारित मांगों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कॉलेज के शिक्षकों से भी बातचीत की और कहा कि परीक्षाएं नजदीक हैं, ऐसे में विद्यार्थियों की पढ़ाई पर विशेष ध्यान दिया जाए, ताकि आंदोलन के कारण प्रभावित हुई शैक्षणिक गतिविधियों की भरपाई की जा सके।
जाकिर हुसैन ने कहा कि मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन से मेवात इंजीनियरिंग कॉलेज की बेहतरी तथा विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। शिक्षकों की मांगों को पूरा करने के लिए भी गंभीरता से काम किया जा रहा है। धरना समाप्त होने के बाद कॉलेज में हालात सामान्य होने लगे हैं और शैक्षणिक गतिविधियां भी दोबारा शुरू हो गई हैं। कॉलेज में कक्षाएं लगने से विद्यार्थियों की पढ़ाई पटरी पर लौटने लगी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मोहानिया