हिसार : गुब्बारों पर परेशानियां लिखकर विद्यार्थियों ने आसमान में छोड़ीं
मानसिक स्वास्थ्य सप्ताह पर पटेल नगर के राजकीय कन्या उच्च विद्यालय में अनूठी
पहल
आत्मविश्वास और आत्म-सम्मान बढ़ाने के बताए तरीके
हिसार, 08 अक्टूबर (हि.स.)। विद्यार्थियों ने अपने डर, असुरक्षाओं और परेशानियों
को गुब्बारों पर लिखा और फिर उन्हें खुले आसमान में छोड़ दिया। इस अनूठी गतिविधि के
माध्यम से छात्राओं ने नकारात्मक विचारों और मानसिक बोझ को पीछे छोड़कर सकारात्मक सोच
के साथ आगे बढ़ने का संकल्प लिया। मौका था मानसिक स्वास्थ्य सप्ताह के उपलक्ष्य में
राजकीय कन्या उच्च विद्यालय, पटेल नगर में गुरुवार काे आयोजित विशेष कार्यशाला का।
गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (जीजेयू) के एडवांस
डिप्लोमा इन चाइल्ड गाइडेंस एंड काउंसलिंग (एडीसीजीसी) के प्रशिक्षु विद्यार्थियों
के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यशाला का उद्देश्य छात्राओं को मानसिक तनाव से निपटने
के व्यावहारिक तरीके बताने के साथ उनका आत्मविश्वास और आत्म-सम्मान बढ़ाना रहा।
कार्यशाला के दौरान छात्राओं को गुब्बारे देकर उन पर अपनी व्यक्तिगत बाधाओं,
डर, असुरक्षाओं, चिंताओं और परेशानियों को लिखने के लिए कहा गया। इसके बाद विद्यालय
के मैदान में सभी छात्राओं ने सामूहिक रूप से अपने गुब्बारे आसमान में छोड़ दिए। इस
गतिविधि के जरिए उन्हें अपनी परेशानियों को पहचानने, नकारात्मक विचारों से बाहर निकलने
और जीवन में सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाने का संदेश दिया गया।
कार्यशाला का संचालन एवं निर्देशन एडीसीजीसी के प्रशिक्षु संदीप कुमार, अनीता,
ममता भारती, भावना दहिया, प्रियांशी परमार और मेनका ने किया।
विद्यालय की मुख्याध्यापिका प्रियंका, शिक्षिका सुषमा, कृष्ण सर सहित अन्य
अध्यापकों ने इस पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि बच्चों को अपनी भावनाएं और परेशानियां
खुलकर व्यक्त करने का अवसर देना उनके मानसिक एवं भावनात्मक विकास के लिए जरूरी है।
मुख्याध्यापिका प्रियंका ने छात्राओं को डर और चिंताओं से उबरकर आत्मविश्वास के साथ
आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर