हिसार : अणुव्रत समिति ने सर्वधर्म सद्भाव रैली निकाल दिया नशामुक्ति व भाईचारे का संदेश

 


अणुव्रत साम्प्रदायिक सौहार्द्र दिवस पर विभिन्न

धर्मों के अनुयायियों ने लिया आपसी प्रेम, विश्व शांति और हिंसा से दूर रहने का संकल्प

हिसार, 03 अक्टूबर (हि.स.)। अणुव्रत उद्बोधन सप्ताह

के अंतर्गत तीसरे दिन अणुव्रत साम्प्रदायिक सौहार्द्र दिवस के अवसर पर अणुव्रत समिति

की ओर से सर्वधर्म सद्भाव एवं जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। समिति के अध्यक्ष राजेंद्र

अग्रवाल की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम में विभिन्न धर्मों के अनुयायियों ने

भाग लेकर नशामुक्त भारत, विश्व शांति और आपसी भाईचारे का संदेश दिया।

कार्यक्रम का आयोजन अणुव्रत अनुशास्ता आचार्य

श्री महाश्रमण की सुशिष्या शासन श्री साध्वी श्री यशोधरा एवं साध्वी श्री परशमरती के

पावन आशीर्वाद तथा प्राचार्य शमशेर सिंह के मार्गदर्शन में किया गया। कार्यक्रम में

मुख्य अतिथि के रूप में एचटीएम थाना हिसार के सब इंस्पेक्टर महेंद्र सिंह ने शिरकत

की। स्कूल के चेयरमैन सुनील मित्तल एवं पूर्ण सिंह भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत अणुव्रत गीत से हुई। इसके

बाद समिति के पदाधिकारियों, सदस्यों, विद्यार्थियों तथा विभिन्न धर्मों के अनुयायियों

ने ‘नशामुक्त युवा—विकसित भारत’ जागरूकता रैली

निकाली। रैली के माध्यम से समाज में नशे के बढ़ते दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता फैलाने

के साथ-साथ सर्वधर्म सद्भाव, आपसी भाईचारे, विश्व शांति और सामाजिक एकता का संदेश दिया

गया।

समिति अध्यक्ष राजेंद्र अग्रवाल ने युवाओं एवं

आमजन को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करते हुए नशे से दूर रहने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि स्वस्थ और सशक्त समाज के निर्माण के लिए युवाओं को नशे से बचाना अत्यंत

आवश्यक है। इस अवसर पर समिति अध्यक्ष राजेंद्र अग्रवाल के

अलावा मुस्लिम समुदाय से जहीर अब्बास, विश्नोई समाज से विष्णु भगवान सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित

रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर