सोनीपत: आशा वर्कर भर्ती में मेरिट की अनदेखी के आरोप, निष्पक्ष जांच की मांग

 


सोनीपत, 20 अगस्त (हि.स.)। आशा

वर्कर भर्ती-2025 में कथित अनियमितताओं को लेकर सामाजिक कार्यकर्ता एवं अन्याय के विरुद्ध

न्याय युद्ध के संस्थापक देवेंद्र गौतम ने निष्पक्ष और पारदर्शी जांच की मांग की है।

पत्रकार वार्ता में गुरुवार को कथित रूप से प्रभावित अभ्यर्थी नवीन भी मौजूद रहे। गौतम ने बताया

कि अप्रैल 2026 में स्वास्थ्य विभाग और हरियाणा सरकार के संबंधित अधिकारियों को शिकायतें

भेजी गई थीं। अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने पर 28 जुलाई 2026 को सीएम विंडो पर भी शिकायत

दर्ज कराई गई।

गौतम

के अनुसार महावीर कॉलोनी शहरी स्वास्थ्य केंद्र के तहत इंडियन कॉलोनी, न्यू महावीर

कॉलोनी, मालवीय नगर, देवीलाल कॉलोनी और ईदगाह कॉलोनी में आशा वर्कर चयन को लेकर मेरिट

और चयन के बीच अंतर के आरोप हैं। उपलब्ध विवरण का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि इंडियन

कॉलोनी में दो अभ्यर्थियों के 18 और 15 अंक होने के बावजूद कथित तौर पर 12 और 14 अंक

वालों को चयन या नियुक्ति दी गई। न्यू महावीर कॉलोनी में 17 अंक वाले अभ्यर्थी के बजाय

15 अंक वाले को नियुक्ति दिए जाने का आरोप है।

मालवीय

नगर में 15 और 14 अंक वालों को छोड़कर 13 अंक वाले, देवीलाल कॉलोनी में 17 अंक वाली

महिला अभ्यर्थी के बजाय 14 अंक वाले तथा ईदगाह कॉलोनी में 16 और 13 अंक वालों के बजाय

10 अंक वाले अभ्यर्थी को नियुक्ति दिए जाने का आरोप लगाया गया है। गौतम ने कहा कि इन

दावों की पुष्टि विभागीय मूल रिकॉर्ड से होना जरूरी है। उन्होंने आवेदन, पात्रता दस्तावेज,

दस्तावेज सत्यापन, मेरिट सूची, चयन समिति की बैठक की कार्यवाही और नियुक्ति संबंधी

रिकॉर्ड की स्वतंत्र जांच की मांग की। साथ ही उपायुक्त और अतिरिक्त उपायुक्त की निगरानी

में ऐसी जांच समिति बनाने की मांग की, जिसमें भर्ती में प्रत्यक्ष भूमिका नहीं रखने

वाले अधिकारी शामिल हों। नवीन ने बताया कि उन्होंने सीएम विंडो पर शिकायत की थी और

मीडिया में मामला आने के बाद नियुक्ति संबंधी पत्र भी लिया गया, लेकिन उन्हें अब तक

नियुक्ति का लाभ नहीं मिला।

गौतम

ने कहा कि जांच में अनियमितता प्रमाणित होने पर जिम्मेदार अधिकारी या कर्मचारी के खिलाफ

नियमानुसार कार्रवाई होनी चाहिए। आपराधिक कृत्य या षड्यंत्र प्रमाणित होने पर कानूनी

कार्रवाई की जाए। उन्होंने भर्ती से जुड़े सभी रिकॉर्ड सुरक्षित रखने और पात्र अभ्यर्थियों

को न्याय देने की मांग की।

हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना