महिलाओं काे हाउस टैक्स में 25 फीसदी की छूट,भाजपा का ऐलान

 


चंडीगढ़, 29 अप्रैल (हि.स.)। हरियाणा में आगामी दस मई को होने वाले निकाय चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी ने महिलाओं को केंद्र में रखकर चुनावी घोषणा पत्र जारी किया है। बुधवार को पंचकूला स्थित पार्टी मुख्यालय में मुख्यमंत्री नायब सैनी, भाजपा अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली, स्थानीय निकाय मंत्री विपुल गोयल समेत कई वरिष्ठ नेताओं ने घोषणा पत्र जारी किया। इस घोषणा पत्र की खास बात यह है कि इसे दो हिस्सों में बांटा गया है। भाजपा के प्रदेश स्तरीय मुद्दों को एक भाग में रखा है, जबकि दूसरे भाग मे पंचकूला, अंबाला व सोनीपत की स्थानीय जरूरतों को ध्यान में रखकर अलग-अलग घोषणा पत्र जारी किया गया है।

भाजपा ने शहरी क्षेत्रों में महिलाओंं के नाम पर पंजीकृत मकानों को हाउस टैक्स में 25 प्रतिशत की छूट प्रदान करने का ऐलान किया है। इसके अलावा सभी निकायों में महिलाओं के लिए सैनेटरी नैपकिन मशीन तथा शिशु आहार कक्ष जैसी सुविधाओं से लैसे महिलाओं के लिए पिंक टायलेट बनाने का ऐलान किया गया है। भाजपा ने सभी निकायों में कचरा निस्तारण सयंत्र स्थापित करने की बात अपने घोषणा पत्र में कही है। बीस साल से अधिक समय से रह रहे परिवारों को जमीन व मकान का वैध स्वामित्व देकर उनके नाम रजिस्ट्री की जाएगी।

भाजपा ने अवैध कॉलोनियो के मुद्दे पर स्पष्ट किया है कि वैध घोषित कॉलोनियों में बची हुई अवैध भूमि को भी वैध दायरे में शामिल किया जाएगा। निगम क्षेत्रों में हाउस टैक्स प्रणाली की सरलीकरण होगा। पार्कों में ओपर एयर जिम की स्थापना की जाएगी। शहरी क्षेत्रों में पुरानी व जर्जर सीवरेज लाइनों को बदला जाएगा। आवारा जानवरों, कुत्तों तथा बंदरों से लोगों के मुक्ति दिलाने के लिए ठोस योजना लागू की जाएगी।

शहरी क्षेत्रों में बढ़ रही ट्रैफिक का मुद्दा उठाते हुए भाजपा ने कहा है कि प्रमुख चौराहों और व्यस्त मार्गों पर स्मार्ट सिग्नल और डिजिटल ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम लागू किया जाएगा। स्ट्रीट वेंडर्स और फेरी लगाने वालों को वित्तीय सहायता दी जाएगी। आबादी के आधार पर सभी निकायों में स्मार्ट कम्यूनिटी सेंटर बनाए जाएंगे। शहरी क्षेत्रों में वाहनों की बढ़ती संख्या के मद्देनजर मल्टी लेवल पार्किंग की व्यवस्था करने, सीसीटीवी का दायरा बढ़ाने, नागरिक सेवाओं को डिजिटलीकरण करने जैसे कई वादे भाजपा ने शहरी मतदाताओं के साथ किए हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा