हिसार: युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ बंद करे सरकार: बृजलाल बहबलपुरिया

 


पेपर लीक और छात्र उत्पीड़न के विरोध में कांग्रेस

का धरना, राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन

हिसार, 22 जुलाई (हि.स.)। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष

राव नरेंद्र सिंह के निर्देशानुसार जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से देशभर के छात्रों

एवं युवाओं की न्यायोचित मांगों के समर्थन में, पेपर लीक, भर्ती परीक्षाओं में लगातार

हो रही अनियमितताओं तथा नई दिल्ली में शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों और कांग्रेस

नेताओं पर हुई दमनात्मक कार्रवाई के विरोध में लघु सचिवालय के बाहर धरना-प्रदर्शन किया

गया। बुधवार दाेपहर काे हुए धरने की अध्यक्षता जिला कांग्रेस अध्यक्ष बृजलाल बहबलपुरिया ने की। धरने के उपरांत

महामहिम राष्ट्रपति महोदया के नाम उपायुक्त के माध्यम से ज्ञापन सौंपा गया।

धरने को संबोधित करते हुए बृजलाल बहबलपुरिया ने

कहा कि देश का युवा अपने भविष्य, निष्पक्ष परीक्षा व्यवस्था और रोजगार की मांग को लेकर

लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज़ उठा रहा है, लेकिन केंद्र सरकार उसकी बात सुनने के

बजाय दमन का रास्ता अपना रही है। शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर लाठीचार्ज

और बल प्रयोग लोकतांत्रिक मूल्यों पर सीधा हमला है। वर्षों की मेहनत के बाद भी जब युवाओं

को पेपर लीक और भर्ती घोटालों का सामना करना पड़ता है, तो उनका आक्रोश स्वाभाविक है।

उन्होंने कहा कि छात्रों के समर्थन में शांतिपूर्ण ढंग से धरना दे रहे कांग्रेस अध्यक्ष

मल्लिकार्जुन खड़गे, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा

तथा अन्य कांग्रेस नेताओं को हिरासत में लेना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। लोकतंत्र में

जनता की आवाज़ उठाने वाले विपक्ष को दबाने का प्रयास संविधान की भावना के विपरीत है।

कांग्रेस पार्टी युवाओं और छात्रों की इस न्यायपूर्ण लड़ाई में पूरी मजबूती के साथ

उनके साथ खड़ी है।

धरना-प्रदर्शन के उपरांत जिला कांग्रेस कमेटी

के प्रतिनिधिमंडल ने महामहिम राष्ट्रपति के नाम उपायुक्त के माध्यम से ज्ञापन सौंपकर

केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे, परीक्षा एवं भर्ती अनियमितताओं

पर संसद में विस्तृत चर्चा तथा आंदोलनरत छात्रों के विरुद्ध दर्ज सभी एफआईआर तत्काल

वापस लेने की मांग की।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर