सिरसा: बीएलओ से मारपीट मामले में अध्यापकों में रोष, डीसी-एसपी को सौंपा ज्ञापन

 


सिरसा, 13 जुलाई (हि.स.)। जिले क्षेत्र में ड्यूटी के दौरान बीएलओ हरपाल सिंह के साथ हुई मारपीट व दुर्व्यवहार को लेकर अध्यापकों में रोष है। आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग को लेकर सोमवार को राजकीय प्राथमिक शिक्षक संघ सिरसा की ओर से उपायुक्त व पुलिस अधीक्षक सिरसा को ज्ञापन दिया गया।

संघ के जिलाध्यक्ष विजय कुमार ने बताया कि शिक्षक हरपाल सिंह नाथूसरी चौपटा में मतदाताओं के घर-घर जाकर एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) के तहत फॉर्म वितरित करने और उन्हें ऑनलाइन करने की सरकारी ड्यूटी का निष्पादन अत्यंत निष्ठापूर्वक कर रहे थे। बीती 10 जुलाई को जब वह अपने सहायक दीपक कुमार के साथ मतदाताओं के घर गए हुए थे, तब आरोपी धर्मवीर मोठिया ने न केवल सरकारी कार्य में बाधा डाली, बल्कि शिक्षक के साथ अत्यधिक अभद्र व अमर्यादित दुर्व्यवहार किया। इसके बाद आरोपी द्वारा शिक्षक हरपाल सिंह के साथ बुरी तरह मारपीट की गई और उनके कपड़े तक फाड़ दिए गए। इस संबंध में पुलिस थाना नाथूसरी चौपटा में आरोपी धर्मवीर मोठिया के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई, लेकिन अभी तक उसे गिरफ्तार नहीं किया गया है।

उन्होंने कहा कि चुनाव जैसे अत्यंत महत्वपूर्ण और संवेदनशील राष्ट्रीय कार्य में लगे एक शिक्षक के साथ सरेआम इस प्रकार की मारपीट और गुंडागर्दी की घटना से समस्त शिक्षक समाज में भारी रोष, भय और असुरक्षा का माहौल व्याप्त है।

यदि अधिकारी व कर्मचारी ऑन ड्यूटी सुरक्षित नहीं रहेंगे, तो कोई भी शिक्षक निर्भिक होकर शासकीय कर्तव्यों का पालन नहीं कर पाएगा। इसके विपरीत पीड़ित अध्यापक पर दबाव बनाने के लिए आरोपी परिवार द्वारा एक शिकायत सिरसा के महिला थाना में की गई है, जो कि पूर्णत: झूठी और मनगढंत है, यह कुकृत्य इस मामले को और भी गम्भीर व दुर्भाग्यपूर्ण बनाता है। संघ की मांग है कि सरकारी कर्मचारी पर ड्यूटी के दौरान हमला करने वाले और झूठी शिकायत करने वाले आरोपियों के कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma