हिसार बार में 299 नवनामांकित वकीलों का स्वागत, पेन–टाई भेंट
नए अधिवक्ताओं को मिला सदस्यता प्रमाणपत्र
हिसार, 3 दिसंबर (हि.स.)। अधिवक्ता दिवस के अवसर पर जिला बार एसोसिएशन की ओर
से बार रूम में गरिमामय और प्रेरक समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर इस वर्ष 1
मार्च से 30 नवंबर तक 299 नामांकित सभी नए अधिवक्ताओं का स्वागत किया गया। कार्यक्रम में डीबीए के प्रधान एडवोकेट संदीप बूरा, सचिव एडवोकेट समीर भाटिया,
उप–प्रधान एडवोकेट विकास
पूनिया, सह–सचिव एडवोकेट सुनील
भारद्वाज तथा कोषाध्यक्ष एडवोकेट सुनील सहदेव सोनी ने नए सदस्यों को पेन, टाई और सदस्यता
प्रमाणपत्र भेंट कर सम्मानित किया।
बार रूम में सैकड़ों अधिवक्ताओं की उपस्थिति ने
समारोह को विशेष ऊर्जा और उत्साह से भर दिया। नव–नामांकित अधिवक्ताओं के चेहरे पर गर्व और उम्मीद
की चमक साफ झलक रही थी। यह कार्यक्रम न केवल एक स्वागत समारोह था बल्कि युवा अधिवक्ताओं
को जिम्मेदारी, अनुशासन और पेशेवर ईमानदारी की प्रेरणा देने का महत्वपूर्ण अवसर भी
साबित हुआ। प्रधान एडवोकेट संदीप बूरा और सचिव एडवोकेट समीर भाटिया ने बुधवार काे कहा कि युवा अधिवक्ता हमारी न्यायपालिका का भविष्य हैं। डीबीए
हिसार सदैव नए सदस्यों को सही मार्गदर्शन और सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा
प्रयास है कि हर नया अधिवक्ता न केवल एक सक्षम वकील बने बल्कि समाज के प्रति अपनी उत्तरदायी
भूमिका भी निभाए।उन्होंने कहा कि बार एसोसिएशन के नियम, अनुशासन और पारदर्शिता को समझना
हर नवागंतुक अधिवक्ता के लिए अनिवार्य है। वकालत केवल एक पेशा नहीं बल्कि न्याय और
लोकतंत्र की रक्षा का दायित्व है। सदस्यता प्रमाणपत्र महज़ दस्तावेज नहीं बल्कि एक
गंभीर जिम्मेदारी है जिसे गर्व के साथ निभाया जाना चाहिए।
उप प्रधान एडवोकेट विकास पूनिया, सह सचिव एडवोकेट सुनील भारद्वाज और कोषाध्यक्ष
एडवोकेट सुनील सहदेव सोनी ने भी नए सदस्यों को बधाई देते हुए कहा कि डीबीए हमेशा युवा
वकीलों के हितों और विकास के लिए प्रतिबद्ध रहेगा तथा उन्हें हर संभव मार्गदर्शन उपलब्ध
कराता रहेगा। नव–नामांकित अधिवक्ताओं ने इसे अपने करियर का महत्वपूर्ण व अविस्मरणीय क्षण बताया।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर