पानीपत की सड़कों पर जल्द ही संचालित होती दिखाई देगी पिंक ऑटो प्रशिक्षित महिलाएं : उपायुक्त
पानीपत, 24 मार्च (हि.स.)। जिला सडक़ सुरक्षा वाहन पॉलिसी की बैठक जिला सचिवालय सभागार में हुई। बैठक में उपायुक्त डॉ. वीरेन्द्र कुमार दहिया ने कहा कि शहर के विकास को लेकर प्रशासन पूरी तरह गंभीर है। जो अधिकारी कार्य में रूचि नहीं लेंगे उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में उपायुक्त ने मंगलवार को इसराना फ्लाई आवर के पास जमा पानी का निदान करने को लेकर अधिकारियों को जायजा लेने के निर्देश दिए गए। उपायुक्त ने कहा कि जल्द ही शहर की सडक़ों पर पिंक ऑटो प्रशिक्षित महिलाएं द्वारा संचालित होती दिखाई देंगी। आमजन की सुविधा के लिए हर जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि रेस्ट हाउस तक की सडक़ के विस्तार का कार्य एक सप्ताह के भीतर हर हाल में पूरा किया जाए, ताकि यातायात व्यवस्था सुचारू हो सके। जिला सडक़ सुरक्षा समिति एवं सुरक्षित स्कूल वाहन पॉलिसी को लेकर आयोजित बैठक में अन्य कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में सडक़ हादसों के आंकड़ों की समीक्षा, एनएच-44 पर कैमरे लगाने, सडक़ चौड़ीकरण और आरसीसी बैरियर लगाने जैसे विषय प्रमुख रूप से शामिल रहे।
इस अवसर पर पिछली बैठक के कार्यों की समीक्षा भी की गई और संबंधित अधिकारियों को लंबित कार्यों को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए गए। इस दौरान टोल प्लाजा पर विजिबिलिटी की समस्या, इसराना में सर्विस रोड की खराब स्थिति और स्ट्रीट लाइट्स के बंद होने जैसे कार्यों पर और ध्यान देने के निर्देश दिए गए। उपायुक्त डॉ दहिया ने कहा कि डाहर टोल पर आवश्यक सुविधाओं पर ध्यान देना होगा। टोल अधिकारियों पर काम में देरी पर और सख्ती बरतने के भी उपायुक्त ने आदेश दिए।
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल वर्मा