सिरसा: मेडिकल स्टोर संचालक कर रहा था इलाज, पुलिस ने किया गिरफ्तार

 


सिरसा, 11 जून (हि.स.)। पुलिस व ड्रग विभाग की संयुक्त कार्रवाई के दौरान सिरसा जिले क्षेत्र में एक मेडिकल स्टोर पर अवैध गतिविधियां पाए जाने पर मेडिकल संचालक को गिरफ्तार कर मेडिकल स्टोर को सील कर दिया गया है। जबकि एक अन्य मेडिकल संचालक को ड्रग विभाग द्वारा नोटिस दिया गया है। डबवाली सदर थाना प्रभारी निरीक्षक शैलेंद्र कुमार ने गुरुवार को बताया कि पुलिस व ड्रग विभाग की टीम ने गांव नीलियांवाली स्थित आरके. मेडिकल का निरीक्षण किया। जांच के दौरान मेडिकल स्टोर संचालक रवि कुमार द्वारा मरीजों की जांच एवं उपचार संबंधी गतिविधियां किए जाने की जानकारी मिली। टीम द्वारा उससे आधुनिक चिकित्सा पद्धति का अभ्यास करने संबंधी आवश्यक योग्यता एवं वैध पंजीकरण से जुड़े दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा गया, लेकिन वह कोई भी वैध प्रमाण प्रस्तुत नहीं कर सका। आरोपी के खिलाफ डबवाली थाना में मामला दर्ज किया गया और मेडिकल को सील कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि गांव गंगा के मेडिकल स्टोर पर भी छापेमार कार्रवाई की गई। जांच के दौरान मेडिकल स्टोर से नशे में प्रयुक्त होने वाली गोलियां बरामद हुई। इस संबंध में मेडिकल संचालक राम दत्त को नोटिस जारी किया गया है। साथ ही ड्रग कंट्रोल अधिकारी सिरसा द्वारा मेडिकल स्टोर का लाइसेंस एवं परमिट रद्द करने तथा प्रतिष्ठान को सील किए जाने संबंधी सिफारिश उच्च अधिकारियों को भेजी जाएगी।

नशीली गोलियों की खेप पकड़ी

पुलिस ने डबवाली क्षेत्र से नशे में प्रयोग की जाने वाली प्रतिबंधित दवाइयों की बड़ी खेप बरामद करते हुए एक तस्कर को गिरफ्तारकिया है। पुलिस के अनुसार बरामद की गई नशीली दवा की बाजारी की लाखों रुपये में आकी गई है। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि पुलिस टीम कालांवाली रोड भारतमाला पुल क्षेत्र में नाकाबंदी के दौरान वाहनों की तलाशी ले रही थी। इसी दौरान एक कार आती दिखाई दी जो कि पुलिस को देखकर वापस मुड़ गई। पुलिस ने शक के आधार पर कार को रोक लिया और तलाशी ली तो कार से बड़ी मात्रा में नशीली गोलियां व कैप्सूल बरामद हुए। पकड़ी गई दवा की बाजारी कीमत लाखों रुपये आकी गई है। पुलिस पूछताछ में आरोपी की पहचान गगनदीप सिंह के रूप में हुई। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि बरामद की गई प्रतिबंधित गोलियों को ड्रग विभाग के हवाले कर दिया गया है। आरोपी के खिलाफ डबवाली सदर थाना में मामला दर्ज कर किया गया है। मामले में ड्रग कंट्रोल विभाग एवं पुलिस द्वारा संयुक्त रूप से गहन जांच की जा रही है तथा बरामद दवाइयों के स्रोत एवं संभावित नेटवर्क के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma