सोनीपत: प्रताप स्कूल की खेल प्रतियोगिता में 154 पदक जीतने वालों का स्वागत
सोनीपत, 24 जुलाई (हि.स.)। सोनीपत
के खरखौदा में खंड स्तरीय विद्यालय खेल प्रतियोगिता में प्रताप सिंह मेमोरियल सीनियर
सेकेंडरी स्कूल, खरखौदा के खिलाड़ियों ने छह खेलों में शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल
154 पदक जीते। खिलाड़ियों ने 95 स्वर्ण, 56 रजत और तीन कांस्य पदक हासिल कर विद्यालय
का नाम रोशन किया। प्रतियोगिताओं का आयोजन हरियाणा विद्यालय शिक्षा विभाग के खेल कैलेंडर
के तहत किया गया।
विद्यालय
के खिलाड़ियों ने कुश्ती में 31 स्वर्ण और 16 रजत पदक जीते। बॉक्सिंग में 19 स्वर्ण,
नौ रजत और एक कांस्य पदक प्राप्त किया। ताएक्वांडो में 14 स्वर्ण और दो रजत पदक हासिल
किए।
कबड्डी में अंडर 17 और अंडर 19 वर्ग की टीमों ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। एथलेटिक्स
में आठ स्वर्ण, छह रजत और दो कांस्य पदक मिले। क्रिकेट में अंडर 19 टीम प्रथम तथा अंडर
14 टीम द्वितीय स्थान पर रही। विद्यालय परिसर में आयोजित सम्मान समारोह में द्रोणाचार्य
पुरस्कार प्राप्त ओमप्रकाश दहिया, संस्थापक सतप्रकाश नम्बरदार, प्राचार्या दया दहिया,
एकेडमिक डायरेक्टर डॉ. सुबोध दहिया तथा प्रशिक्षकों ने विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित
कर बधाई दी।
द्रोणाचार्य
पुरस्कार विजेता ओमप्रकाश दहिया ने कहा कि खेल केवल पदक जीतने का माध्यम नहीं, बल्कि
व्यक्तित्व निर्माण का सबसे प्रभावी साधन हैं।
खेल अनुशासन, संघर्ष, आत्मविश्वास, टीम
भावना और कठिन परिस्थितियों में आगे बढ़ने की सीख देते हैं।
उन्होंने खिलाड़ियों से
नियमित अभ्यास, अनुशासन और ऊंचे लक्ष्य के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया। डॉ.
सुबोध दहिया ने कहा कि विद्यालय में शिक्षा, खेल और अनुशासन को समान महत्व दिया जाता
है। आधुनिक शिक्षा, अनुभवी शिक्षक, बेहतर खेल सुविधाएं और नैतिक मूल्यों पर आधारित
वातावरण के कारण विद्यार्थी विभिन्न प्रतियोगिताओं में लगातार सफलता प्राप्त कर रहे
हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि भविष्य में भी जिला, राज्य, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय
स्तर की प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन कर विद्यालय, हरियाणा और देश का नाम रोशन
करेंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना