सोनीपत:  नगर निगम कर्मचारियों ने दो घंटे तक तालाबंदी कर किया प्रदर्शन, जनता रही परेशान

 


सोनीपत, 18 अगस्त (हि.स.)। सोनीपत

में मांगों को लेकर पिछले दस दिनों से हड़ताल कर रहे नगर पालिका कर्मचारी संघ के सफाई

कर्मचारियों ने मंगलवार को नगर निगम कार्यालय पर तालाबंदी कर दी। कर्मचारियों ने करीब

दो घंटे तक मुख्य गेट पर ताला लगाए रखा। इससे निगम कार्यालय में काम कराने और अपनी

समस्याएं लेकर पहुंचे लोगों को परेशानी हुई। कई लोग बिना काम कराए वापस लौट गए।

तालाबंदी

के दौरान कर्मचारियों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और मांगें पूरी नहीं होने तक आंदोलन

जारी रखने की चेतावनी दी। इसके बाद सैकड़ों कर्मचारी निगम परिसर से बाहर निकले और सुभाष

चौक होते हुए पीडब्ल्यूडी विश्राम गृह के सामने पहुंचे। यहां कर्मचारियों ने कैबिनेट

मंत्री विपुल गोयल का पुतला फूंका। प्रदर्शन के दौरान कुछ कर्मचारियों ने मंत्री के

खिलाफ अभद्र भाषा का भी इस्तेमाल किया। रेलवे रोड पर पुतला दहन के दौरान जाम की स्थिति

बन गई, जिससे वाहन चालकों को परेशानी हुई।

कर्मचारी

संघ के अनुसार, मांगों को लेकर सरकार के साथ कई बार बातचीत हो चुकी है। वार्ता में

सहमति बनने के बावजूद मांगों पर ठोस फैसला नहीं लिया गया। कर्मचारियों का आरोप है कि

सरकार सहमति और आश्वासन देने के बाद वादे पूरे नहीं करती। इसी कारण उन्हें हड़ताल का

रास्ता अपनाना पड़ा। कर्मचारियों ने कहा कि वे काम करना चाहते हैं, लेकिन मांगों पर

निर्णय नहीं होने के कारण हड़ताल जारी रखने को मजबूर हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि जल्द

समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और तेज करते हुए हड़ताल अनिश्चितकालीन की जा सकती है।

हड़ताल

का असर शहर की सफाई व्यवस्था पर दिखाई दे रहा है। विभिन्न क्षेत्रों, सड़कों और सार्वजनिक

स्थानों पर कूड़े के ढेर लगे हैं। बाजारों में गंदगी और दुर्गंध से दुकानदारों व ग्राहकों

को परेशानी हो रही है। कुछ जगह दुकानदार कूड़ा जलाकर हटाने का प्रयास करते दिखाई दिए।

दुकानदारों ने जल्द सफाई व्यवस्था बहाल करने की मांग की है। कर्मचारियों ने सरकार से

पहले बनी सहमतियों और किए गए वादों को पूरा करने तथा उनकी मांगों पर जल्द ठोस निर्णय

लेने की मांग की है। उन्होंने कहा कि फैसला होने तक हड़ताल जारी रहेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना