हिसार : पेयजल समस्या पर प्रशासन सक्रिय, मटका फोड़ प्रदर्शन स्थगित
हिसार, 24 जुलाई (हि.स.)। नजदीकी गांव मैयड़ में लंबे समय से बनी पेयजल संकट
की समस्या को लेकर 25 जुलाई को प्रस्तावित मटका फोड़ प्रदर्शन से पहले ही प्रशासन और
सरकार ने सक्रियता दिखाते हुए ग्रामीणों से वार्ता की। सकारात्मक बातचीत और जल्द समाधान
के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने फिलहाल अपना आंदोलन स्थगित करने का निर्णय लिया है।
हालांकि ग्रामीणों ने स्पष्ट किया है कि यदि निर्धारित समय में समस्या का समाधान नहीं
हुआ तो आंदोलन पहले से अधिक व्यापक रूप में किया जाएगा।
ग्रामीणों ने बताया कि गांव की एकजुटता और आंदोलन की चेतावनी के बाद जनस्वास्थ्य
अभियांत्रिकी विभाग के अधीक्षक अभियंता (एसई) ने गांव के प्रतिनिधिमंडल को वार्ता के
लिए बुलाया। इसके बाद हरियाणा सरकार में मंत्री रणबीर गंगवा के पुत्र संजीव गंगवा ने
भी 31 सदस्यीय ग्रामीण समिति से मुलाकात कर उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना। वार्ता
के दौरान अधिकारियों ने गांव की पेयजल समस्या के शीघ्र एवं स्थायी समाधान का भरोसा
दिलाया।
किसान नेता जोगेंद्र मैयड़ ने शुक्रवार काे बताया कि प्रशासन के सकारात्मक आश्वासन को देखते
हुए ग्रामीणों ने 25 जुलाई को प्रस्तावित मटका फोड़ प्रदर्शन फिलहाल स्थगित कर दिया
है। उन्होंने कहा कि आंदोलन वापस नहीं लिया गया है, बल्कि केवल स्थगित किया गया है।
यदि प्रशासन अपने वादे पर खरा नहीं उतरता और पेयजल समस्या का समयबद्ध समाधान नहीं करता,
तो पूरा गांव दोबारा एकजुट होकर इससे भी बड़ा आंदोलन करेगा। उन्होंने कहा कि गांव मैयड़
लंबे समय से पेयजल और बिजली जैसी मूलभूत सुविधाओं की गंभीर समस्याओं से जूझ रहा है।
अनियमित पेयजल आपूर्ति के कारण ग्रामीणों को रोजमर्रा के कार्यों में भारी परेशानी
उठानी पड़ रही है। इसके साथ ही बिजली व्यवस्था को लेकर भी ग्रामीणों में नाराजगी है।
ग्रामीणों ने बताया कि पिछले लगभग 24 वर्षों से गांव की बिजली आपूर्ति हिसार
कैंट फीडर से होती रही है, लेकिन हाल ही में इसे खरड़ फीडर से जोड़ दिया गया, जिसका
गांव में विरोध किया जा रहा है। उनका कहना है कि गांव की लगभग आधी भूमि हिसार आर्मी
कैंट के निर्माण के लिए दी गई थी, इसलिए बिजली आपूर्ति पहले की तरह हिसार कैंट फीडर
से ही बहाल की जानी चाहिए। ग्रामीणों ने प्रशासन से पानी और बिजली दोनों समस्याओं का
स्थायी समाधान सुनिश्चित करने की मांग की।
इस अवसर पर सरपंच प्रतिनिधि विकास, बलदेव भाखर, धर्मपाल, मास्टर रमेश, मास्टर
मनदीप, गोलू, रामकिशन, अरविंद शर्मा, बलवान वाल्मीकि, रामनिवास नायक, अनुज छोटा नंबरदार,
सुरेश लाला, आदेश, दलवीर बिडासरा, सील नाई, नरेंद्र दूत सहित सैकड़ों ग्रामीण उपस्थित
रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर