हिसार : गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय में गणितीय गतिविधि सत्र आयोजित
हिसार, 16 अप्रैल (हि.स.)। गुरु जम्भेश्वर विज्ञान
एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के शिक्षा विभाग में गणितीय गतिविधि सत्र का आयोजन
किया गया। इस कार्यक्रम का समन्वय विभाग की डीन प्रो. वंदना पूनिया के मार्गदर्शन में
शीतल ने किया। इस अवसर पर शिक्षा विभाग के संकाय सदस्य उष्मा व कुलदीप बिश्नोई विशेष
रूप से उपस्थित रहे।
यह कार्यक्रम ‘कला-एकीकृत शिक्षा’ के अनुभव के रूप में
तैयार किया गया, जिसमें अमूर्त तर्क और रचनात्मक अभिव्यक्ति के माध्यम से विद्यार्थियों
के गणितीय कौशल को सफलतापूर्वक बढ़ाया गया। पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता में डा. अन्नू
गुप्ता और डा. संतोष ने निर्णायक की भूमिका निभाई। इस प्रतियोगिता में निशांत, तमन्ना,
जविका, जैतल, बरखा और हर्ष ने अपनी अद्भुत रचनात्मकता का प्रदर्शन किया। इस श्रेणी
में तमन्ना ने प्रथम, निशांत ने द्वितीय और हर्ष ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
रंगोली प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने पारंपरिक
कला के माध्यम से गणितीय अवधारणाओं को जीवंत किया। रिधि, विधि और दिव्या की टीम ने
महान गणितज्ञ आर्यभट्ट के प्रभावशाली चित्रण के लिए प्रथम स्थान प्राप्त किया। इस प्रतियोगिता
के निर्णायक डा. बिजेन्द्र दहिया व डा. इंदु बाला रहे। इस प्रतियोगिता में तमन्ना,
मुस्कान और रुचि की टीम ने अपने डिजाइन में जटिल ज्यामितीय आकृतियों को शामिल कर अपनी
प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कलात्मक सुंदरता और गणितीय सटीकता के इस मेल ने विद्यार्थियों
को विषय की समझ को और गहरा करने के लिए एक प्रभावी मंच प्रदान किया।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर