शिवरात्रि पर शिवालयों में उमड़ा आस्था का सैलाब, हर-हर महादेव से गूंजा शहर
हरिद्वार से गंगाजल लेकर पहुंचे कांवड़ियों ने रात 12 बजे से शुरू किया जलाभिषेक
गुफा वाले मंदिर से किलोई तक उमड़ा आस्था का सैलाब, घंटों कतार में खड़े रहे श्रद्धालु
रोहतक, 11 अगस्त (हि.स.)। सावन की शिवरात्रि के पावन पर्व पर मंगलवार को शहर और आसपास के क्षेत्र के शिवालयों में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। सुबह से ही मंदिरों में भगवान शिव के दर्शन और जलाभिषेक के लिए श्रद्धालुओं की जबरदस्त भीड़ रही। मंदिर परिसर और आसपास का क्षेत्र हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयकारों से गूंजता रहा।
हरिद्वार से पवित्र गंगाजल लेकर पहुंचे कांवड़ियों ने मध्यरात्रि के बाद करीब 12 बजे से ही भगवान शिव का जलाभिषेक शुरू कर दिया। कांवड़ियों के साथ बड़ी संख्या में श्रद्धालु भी मंदिरों में पहुंचे और विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर भगवान भोलेनाथ से सुख-समृद्धि की कामना की। शहर के गुफा वाले मंदिर, जनता कॉलोनी के श्मशान घाट वाले मंदिर और दुर्गा भवन मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रही।
प्राचीन शिव मंदिर सांपला और नानू वाले मंदिर में भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु जलाभिषेक के लिए पहुंचे। प्राचीन शिव मंदिर किलोई में श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं और लोग घंटों कतार में खड़े होकर अपनी बारी का इंतजार करते दिखाई दिए। शिवरात्रि के चलते मंदिरों में विशेष सजावट की गई थी। श्रद्धालुओं ने भगवान शिव को दूध, दही, बेलपत्र, धतूरा और गंगाजल अर्पित कर पूजा की। कांवड़ियों के पहुंचने से मंदिरों में धार्मिक उत्साह और भी बढ़ गया। प्रमुख मंदिरों और मार्गों पर श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था भी की गई।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल