पानीपत: पानी छिड़कते हुए राजमिस्त्री की करंट लगने से मौत

 


पानीपत, 03 मई (हि.स.)। पानीपत के गांव बलाना में रविवार दोपहर बाद करंट लगने से एक राजमिस्त्री की मौत हो गई। वह एक डाई हाउस में हौदी बनाने का काम कर रहा था। गांव बलाना स्थित डाई हाउस में काम कर रहे डाडौला गांव निवासी संजय सिंह हौदी की तराई करने के लिए पानी लगा का छिड़काव कर रहा था।

इसी दौरान हौदी के पास खुली पड़ी बिजली की तार पर उनका पैर आ गया। तार पर पैर रखते ही संजय करंट की चपेट में आ गए। जमीन गीली होने के कारण तेज झटका लगा और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। बताया गया कि बिजली की तार खुली पड़ी थी, जिसकी जानकारी पहले किसी को नहीं थी। घटना की सूचना मिलते ही इसराना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को सूचित किया।

पुलिस ने पंचनामा तैयार कर शव को पोस्टमार्टम के लिए पानीपत सिविल अस्पताल भेज दिया है। मामले की जांच जारी है। थाना समालखा प्रभारी दीपक ने बताया कि इत्तेफाकिया कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम कराने के लिए सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया गया है। शव का पोस्टमार्टम कल होगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल वर्मा