सोनीपत: फर्जी नंबर प्लेट कार की टक्कर से मारुति कर्मी की मौत
सोनीपत, 04 मई (हि.स.)। सोनीपत
जिले के खरखौदा–सैदपुर रोड पर फार्म हाउस के पास
तेज रफ्तार कार की टक्कर में मारुति कंपनी के एक कर्मी की इलाज के दौरान सोमवार को
मौत हो गई, जबकि उसके दो साथी गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद कार का टायर पंचर
होने से वाहन मौके पर ही रुक गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस
के अनुसार उत्तर प्रदेश के बलिया निवासी आज्ञानन्द आईएमटी खरखौदा स्थित मारुति कंपनी
में कार्यरत थे। वह अपने साथियों हिसार निवासी सिकंदर और मध्य प्रदेश बैतूल निवासी
हेमंत पहाड़े के साथ बाइक पर सवार होकर खरखौदा से रामपुर कुंडल स्थित किराए के कमरे
की ओर जा रहे थे। बाइक सिकंदर चला रहा था, आज्ञानन्द बीच में और हेमंत पीछे बैठा था।
जिले
सिंह फार्म हाउस के पास पीछे से आ रही स्विफ्ट डिजायर कार के चालक ने तेज रफ्तार और
लापरवाही से बाइक को सीधी टक्कर मार दी। तीनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे। हादसे में
सिकंदर की मौत हो गई, जबकि आज्ञानन्द और हेमंत गंभीर रूप से घायल हो गए। कार पर अस्थायी
नंबर प्लेट लगी थी। घायलों के साथियों ने मोबाइल ऐप से जांच की तो वाहन का पंजीकरण
नंबर अलग पाया गया। हादसे के समय पीछे आ रहे कंपनी के साथी भूपेंद्र और अभिषेक तुरंत
मौके पर पहुंचे और घायलों को दिल्ली के औचंदी स्थित रेडियस अस्पताल में भर्ती कराया।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम दिल्ली के बाबा भीमराव आंबेडकर अस्पताल, रोहिणी और रेडियस
अस्पताल पहुंची। खरखौदा थाना पुलिस ने कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू
कर दी है। पुलिस का कहना है कि वाहन और चालक
की पहचान कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना