नूंह में विवाहिता ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, पति सहित पांच पर मामला दर्ज

 

नूंह, 24 जुलाई (हि.स.)। नूंह शहर थाना क्षेत्र की अरावली कॉलोनी में एक विवाहिता द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद मृतका के भाई की शिकायत पर पुलिस ने पति सहित पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पूरे मामले की जांच जारी है और पुलिस विभिन्न पहलुओं से साक्ष्य जुटा रही है।

पुलिस के अनुसार, मृतका की पहचान नेनाज के रूप में हुई है। उसकी शादी करीब चार वर्ष पहले अरावली कॉलोनी निवासी यूनुस से हुई थी। दंपति की करीब डेढ़ वर्ष की एक बेटी भी है। शुक्रवार को नेनाज ने अपने घर में फांसी लगा ली। परिजन उसे तुरंत उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। बताया गया है कि मृतका का मायका पलवल जिले के हथीन में है। घटना की सूचना मिलते ही मायके पक्ष के लोग नूंह पहुंचे। इसके बाद मृतका के भाई सहीद ने पुलिस को शिकायत देकर ससुराल पक्ष पर प्रताड़ना के आरोप लगाए और कानूनी कार्रवाई की मांग की।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) नूंह के शवगृह में रखवाया। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया। मामले के जांच अधिकारी बलबीर ने बताया कि मृतका के भाई सहीद की शिकायत के आधार पर पति यूनुस सहित पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट, परिजनों के बयान और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मामले की गहन जांच कर रही है।

पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही आत्महत्या के पीछे की वास्तविक परिस्थितियां और शिकायत में लगाए गए आरोपों की सत्यता स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल मामले में नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मोहानिया