हिसार : बिजली बचत से कम होगा बिजली बिल, पर्यावरण भी रहेगा सुरक्षित : विक्रम सिंह

 


हिसार, 10 जून (हि.स.)। बिजली वितरण निगम (डीएचबीवीएन) एवं उत्तर हरियाणा बिजली

वितरण निगम (यूएचबीवीएन) के प्रबंध निदेशक विक्रम सिंह ने उपभोक्ताओं से ऊर्जा संरक्षण

को अपनी दैनिक जीवनशैली का हिस्सा बनाने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि छोटी-छोटी

सावधानियां अपनाकर न केवल बिजली बिल में उल्लेखनीय कमी लाई जा सकती है, बल्कि पर्यावरण

संरक्षण में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया जा सकता है।

प्रबंध निदेशक विक्रम सिंह ने बुधवार काे बिजली वितरण निगमों द्वारा जारी जागरूकता संदेश

में उपभोक्ताओं को ऊर्जा दक्ष एलईडी बल्बों के उपयोग, अनावश्यक रूप से चल रहे विद्युत

उपकरणों को बंद रखने तथा उपयोग में न होने पर चार्जर एवं अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों

के प्लग निकालने की सलाह दी गई है। इसके साथ ही ऊर्जा दक्ष उपकरणों को प्राथमिकता देने,

भवनों की छत एवं दीवारों का उचित इन्सुलेशन कराने तथा सौर ऊर्जा को अपनाने पर विशेष

जोर दिया गया है।

प्रबंध निदेशक ने कहा कि ऊर्जा संरक्षण केवल आर्थिक बचत का माध्यम नहीं है,

बल्कि यह आने वाली पीढ़ियों के लिए प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण और स्वच्छ पर्यावरण

सुनिश्चित करने की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने डीएचबीवीएन एवं यूएचबीवीएन

के सभी उपभोक्ताओं से बिजली का विवेकपूर्ण उपयोग करने तथा ऊर्जा बचत अभियान में सक्रिय

भागीदारी निभाने की अपील की।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर