सोनीपत: युवती ने शादी से किया इनकार तो युवक ने फंदा लगा दे दी जान
सोनीपत, 25 मई (हि.स.)। सोनीपत
के कुंडली क्षेत्र में एक युवक द्वारा फंदा लगाकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया
है। युवक का शव उसके किराए के कमरे में फंदे से लटका मिला। सूचना मिलने पर पुलिस मौके
पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
प्रारंभिक जांच में मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा माना जा रहा है।
मृतक
की पहचान उत्तर प्रदेश के हरदोई जिला निवासी राकेश (22) के रूप में हुई है। वह पिछले
करीब पांच वर्षों से सोनीपत में रह रहा था और कुंडली क्षेत्र की जूते-चप्पल बनाने वाली
फैक्ट्री में काम करता था। राकेश घी मिल कॉलोनी में किराए के कमरे में अकेला रहता था।
जानकारी के अनुसार राकेश ने कमरे में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। काफी देर तक कमरे
से कोई हलचल नहीं होने पर आसपास के लोगों को शक हुआ। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा खुलवाकर शव को नीचे उतारा और जांच शुरू की।
परिजनों
के अनुसार राकेश पिछले कुछ समय से मानसिक तनाव में था। परिवार का कहना है कि उसका एक
युवती के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था, लेकिन शादी से इनकार किए जाने के कारण वह परेशान
रहने लगा था। परिजनों को आशंका है कि इसी वजह से उसने यह कदम उठाया। हालांकि मौके से
कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। राकेश परिवार में सबसे छोटा था। परिवार में माता-पिता
और एक बड़ा भाई हैं। उसका भाई दिल्ली में काम करता है। घटना की सूचना मिलने के बाद
परिजन कुंडली पहुंचे। युवक की मौत से परिवार में शोक का माहौल है। पुलिस
का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद
शव परिजनों को सौंप दिया गया। जांच पूरी होने के बाद ही आत्महत्या के सही कारणों का
खुलासा हो सकेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना