कैथल: अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार सरकारी स्कूल के चाैकीदार की माैत, पत्नी गंभीर घायल

 

कैथल, 09 नवंबर (हि.स.)। पूंडरी क्षेत्र के गांव साकरा के पास साेमवार काे अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। मृतक की पहचान गांव रसीना निवासी करीब 57 वर्षीय सतबीर के रूप में हुई है। घायल महिला बाला देवी को प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में रेफर किया गया है, जहां एक निजी अस्पताल में उसका उपचार चल रहा है।

जानकारी के अनुसार सतबीर अपनी पत्नी बाला देवी के साथ बाइक पर सवार होकर गांव कौल से रसीना जा रहा था। जब वे गांव साकरा के पास पहुंचे तो एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर पहुंचे राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर ढांड थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को कैथल के नागरिक अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद सतबीर को मृत घोषित कर दिया, जबकि उसकी पत्नी की गंभीर हालत को देखते हुए उसे रेफर कर दिया गया।

ढांड थाना प्रभारी बहादुर सिंह ने बताया कि मृतक सतबीर गांव रसीना का रहने वाला था और गांव जांबा के सरकारी स्कूल में चौकीदार के पद पर कार्यरत था। वह अपनी पत्नी के साथ कौल से रसीना जा रहा था, तभी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में सतबीर की मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी बाला देवी घायल हो गई। थाना प्रभारी के अनुसार मृतक के परिवार में दो बेटे और एक बेटी हैं तथा तीनों की शादी हो चुकी है। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे