कैथल : करवा चौथ पर घर जा रहे युवक की हादसे में मौत,सड़क किनारे मिला शव

 


कैथल, 30 अक्टूबर (हि.स.)। करवाचौथ पर घर लौटने की खुशी लेकर निकला तीन बच्चों का पिता रास्ते में ही जिंदगी की जंग हार गया। कैथल जिले में गांव संगतपुरा और बुढ़ाखेड़ा के बीच सड़क किनारे उसका शव मिला। आशंका है कि किसी अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी और चालक हादसे के बाद मौके से फरार हो गया। सुबह ग्रामीणों की नजर शव पर पड़ी तो पुलिस को सूचना दी गई।

मृतक की पहचान जिला करनाल के गांव अलावला निवासी करीब 39 वर्षीय दलबीर सिंह के रूप में हुई है। वह पंजाब के सुतराणा स्थित एक राइस सेलर में नौकरी करता था। गुरुवार शाम करीब छह बजे उसने परिवार से फोन पर बात की थी। उसने बताया था कि वह घर लौट रहा है। परिवार को उम्मीद थी कि वह करवाचौथ के मौके पर घर पहुंच जाएगा, लेकिन पूरी रात इंतजार के बावजूद दलबीर घर नहीं पहुंचा।

परिजनों ने कई बार उसके मोबाइल पर कॉल की, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। उन्हें क्या पता था कि घर लौटने के रास्ते में ही उनके अपने के साथ अनहोनी हो चुकी है। शुक्रवार सुबह संगतपुरा और बुढ़ाखेड़ा के बीच सड़क किनारे शव मिलने की सूचना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। पुलिस ने पहचान के बाद परिजनों को सूचना दी।

दलबीर के भतीजे प्रदीप ने बताया कि उसके चाचा सुतराणा में पातड़ां के नजदीक एक राइस सेलर में काम करते थे। करवाचौथ पर घर आने की बात कहकर वह वहां से मोटरसाइकिल पर निकले थे। परिवार में पत्नी और तीन बच्चे हैं। सभी उनकी घर वापसी का इंतजार कर रहे थे, लेकिन अब परिवार के सामने जिंदगी की सबसे बड़ी मुश्किल खड़ी हो गई है।

सूचना मिलने पर संगतपुरा चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर नागरिक अस्पताल पहुंचाया। चौकी इंचार्ज रणधीर सिंह ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। अज्ञात वाहन और उसके चालक का पता लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे