हिसार : जलवा पूजन में हर्ष फायरिंग ने बुझाई खुशी, गोली लगने से घायल व्यक्ति की मौत

 


डीजे पर डांस के दौरान पांव में लगी थी गोली, उपचार के दौरान हिसार के निजी

अस्पताल में तोड़ा दम

पुलिस एएसआई समेत दो के खिलाफ हत्या का केस

हिसार, 25 सितंबर (हि.स.)। नारनौंद क्षेत्र के गांव सिंघवा खास में बेटे के

जन्म की खुशी में आयोजित जलवा पूजन कार्यक्रम के दौरान हुई हर्ष फायरिंग में गोली लगने

से एक व्यक्ति घायल हो गया। गंभीर रूप से घाल अमरजीत को हिसार के निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान मौत हो गई। मृतक की पत्नी की शिकायत पर बास

थाना पुलिस ने हरियाणा पुलिस में एएसआई के पद पर तैनात एक व्यक्ति और एक अन्य युवक

समेत आरोपितों के खिलाफ हत्या सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर

दी है।

पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि अमरजीत को गोली किसकी बंदूक से लगी थी।

जानकारी के अनुसार सिंघवा खास निवासी अंकित के घर बेटा पैदा होने की खुशी में जलवा पूजन कार्यक्रम रखा गया था। इसमें रिश्तेदारों और परिचितों के अलावा

अन्य लोग भी शामिल हुए थे।

कार्यक्रम के दौरान कुछ युवकों द्वारा पिस्तोल से हवाई फायरिंग

किए जाने का आरोप है। इसी दौरान जींद जिले के सफीदों क्षेत्र के गांव रोजला निवासी

अमरजीत अपनी पत्नी रिंकू के साथ कार्यक्रम में आया हुआ था। रिंकू अंकित की रिश्तेदारी

में है।

बताया गया कि कार्यक्रम में डीजे पर लोग डांस कर रहे थे। इसी दौरान अचानक चली

गोली अमरजीत के पांव में जा लगी। गोली लगते ही कार्यक्रम में अफरा-तफरी मच गई और अमरजीत

जमीन पर गिर गया। परिजन उसे उपचार के लिए भिवानी के निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां

से गंभीर हालत के चलते हिसार रेफर कर दिया गया।

हिसार के निजी अस्पताल में उपचार के

दौरान देर रात अमरजीत की मौत हो गई।

सूचना मिलने पर बास थाना पुलिस शुक्रवार काे अस्पताल पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम

के लिए हिसार नागरिक अस्पताल भेजा। इसके बाद शव को मेडिकल कॉलेज भेजे जाने की कार्रवाई

की गई। मौके पर सीन ऑफ क्राइम टीम ने भी पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। बास थाना पुलिस ने

मृतक की पत्नी रिंकू की शिकायत पर सिंघवा खास निवासी सुरेंद्र, जो हरियाणा पुलिस में

एएसआई के पद पर तैनात है, भिवानी जिले के गांव गुजरानी निवासी मनोज और अन्य के खिलाफ

मामला दर्ज किया है। थाना प्रभारी जयसिंह ने बताया कि जलवा पूजन के दौरान हर्ष फायरिंग

में गोली लगने से घायल व्यक्ति की उपचार के दौरान मौत हुई है। मृतक की पत्नी के बयान

पर सुरेंद्र और मनोज समेत अन्य के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया

है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर