हिसार : सड़क पार कर रहे व्यक्ति को निजी बस ने कुचला, मौत
हिसार, 23 मार्च (हि.स.)। जिले के कस्बा बरवाला
में हुए सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब हिसार-टोहाना
मेन रोड पर बरवाला में पुराने बस स्टेंड के पास रोड पार करते समय एक व्यक्ति तेज रफ्तार
निजी बस की चपेट में आ गया।
मिली जानकारी के अनुसार बरवाला निवासी लगभग
45 वर्षीय राजवीर मेहनत-मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। वह शहर में कागज
व अन्य कबाड़ इकट्ठा करने का कार्य करता था। मृतक के चार बच्चे हैं। सोमवार को वह रोजमर्रा
की तरह अपने काम के दौरान पुराने बस स्टेंड के पास हिसार-टोहाना रोड को पार कर रहा
था। इसी दौरान टोहाना की ओर से हिसार की तरफ आ रही एक निजी बस ने उसे अपनी चपेट में
ले लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस की टक्कर इतनी तेज थी कि राजवीर बस के टायर
के नीचे आ गया। हादसे में गंभीर चोटें आने की वजह से उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत उसे संभालने का प्रयास किया, लेकिन तब तक
काफी देर हो चुकी थी।
घटना की सूचना राहगीरों द्वारा तुरंत पुलिस को
दी गई। सूचना मिलते ही बरवाला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया।
इसके बाद शव को कब्जे में लेकर बरवाला के सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों
ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मामले में आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। प्रारंभिक
जांच के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए हिसार के नागरिक अस्पताल भेजा गया है। पुलिस
ने केस दर्ज करके निजी बस चालक की तलाश शुरू कर दी है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर