पानीपत: अवैध देसी पिस्तौल सहित आरोपी गिरफ्तार
पानीपत, 09 अप्रैल (हि.स.)। पानीपत पुलिस टीम ने बापौली चौक पर एक युवक को अवैध देसी पिस्तौल सहित गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान दिनानाथ कॉलोनी नूरवाला निवासी मन्नू के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि उनकी टीम बुधवार देर शाम को गश्त के दौरान सनौली में बापोली रोड पर थी। तभी टीम को सूचना मिली की संदिग्ध किस्म का एक युवक न्यू सनौली बाईपास रोड पर पैदल बापौली चौक की तरफ आ रहा है। युवक के पास अवैध हथियार होने की संभावना है। सूचना को पुख्ता मानते हुए पुलिस टीम ने न्यू सनौली बाईपास स्थित बापौली चौक पर पहुंच कर संदिग्धों पर नजर रखनी शुरू कर दी।
कुछ देर पश्चात बाईपास पर एक युवक पैदल चौक की तरफ आते हुए दिखाई दिया। युवक पास आने पर सामने खड़ी पुलिस टीम को देखकर एकदम से वापिस मुड़कर तेज कदमों से चलने लगा। पुलिस टीम ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए कुछ कदमों पर ही युवक को काबू किया। पूछताछ में युवक ने अपनी पहचान नूरवाला दीनानाथ कॉलोनी निवासी मन्नू के रूप में हुई। तलाशी लेने पर उसकी पेंट की जेब से एक देसी पिस्तौल बरामद हुआ।
देसी पिस्तौल को खोलकर जांच की तो अनलोड मिला। पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया उसको अवैध हथियार रखने का शौक है। वह उक्त अवैध देसी पिस्तौल अपने दोस्त से 3 हजार रूपए में खरीदकर लाया था। पुलिस ने आरोपी मन्नू के खिलाफ थाना सनौली में आर्म्स एक्ट के तहत अभियोग दर्ज कर वीरवार को आरोपी को न्यायायल में पेश किया जहां से उसे एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया। रिमांड के दौरान पुलिस आरोपी से असला सप्लायर के ठीकानों का पता लगा काबू करने का प्रयास करेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल वर्मा