यमुनानगर: सरकारी जमीन पर लगाई अंबेडकर की प्रतिमा,जयंति से पहले तनाव
यमुनानगर, 12 अप्रैल (हि.स.)। यमुनानगर जिले के ममीदी गांव में रविवार को उस समय तनावपूर्ण स्थिति उत्पन्न हो गई, जब नगर निगम की भूमि पर डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा स्थापित मिली। इस अप्रत्याशित घटना के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए और विरोध जताया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, समीप स्थित गुरु रविदास मंदिर से प्रतिमा को रात के समय हटाकर उक्त स्थान पर रखे जाने की आशंका व्यक्त की जा रही है।
ग्रामीणों ने इसे सुनियोजित प्रयास बताते हुए आरोप लगाया कि कुछ तत्व इस माध्यम से 14 अप्रैल को अंबेडकर जयंती से पूर्व माहौल प्रभावित करने की मंशा से करीब चार कनाल नगर निगम भूमि पर अवैध कब्जा करना चाहते हैं।ग्रामीणों ने बताया कि संबंधित भूमि वर्ष 1968 से रिकॉर्ड में दर्ज है और सर्व समाज के नाम पर अंकित है। उनका कहना है कि इस प्रकार की गतिविधि से सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास किया गया है।
सूचना मिलने पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित कर जांच प्रक्रिया आरंभ की। वार्ड पार्षद श्यामलाल के अनुसार, इस भूमि पर पहले ही विकास कार्यों के लिए प्रस्ताव पारित किया जा चुका है, जिसके तहत सामुदायिक केंद्र निर्माण की योजना है। वहीं, गुरु रविदास मंदिर के प्रधान रामदास ने बताया कि प्रतिमा मंदिर परिसर में रखी हुई थी और कुछ युवक उसे रंगाई के लिए बाहर ले गए थे। रात के दौरान किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा उसे वहां से हटाकर अन्य स्थान पर स्थापित कर दिया गया। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए अज्ञात व्यक्तियों की पहचान के प्रयास तेज कर दिए हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार