राेहतक: शीलू की पत्नी मुस्कान की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या का खुलासा नहीं

 

-शरीर पर नहीं मिले बाहरी चोट के निशान, प्रथम दृष्टया आत्महत्या का मामला

-हिरासत में लिए शीलू व उसके पिता समेत सभी को पूछताछ के बाद छोड़ा

-दोनों गांवों की पंचायत में तेरहवीं तक कार्रवाई नहीं करने पर बनी थी सहमति

-अब रिपोर्ट के आधार पर पुलिस लेगी कानूनी राय, फिर होगी दोनों गांव की पंचायत

रोहतक, 04 अगस्त (हि.स.)। गांव बहुअकबरपुर निवासी अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी शीलू की पत्नी मुस्कान की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आने के बाद पुलिस की जांच अब नए सिरे से आगे बढ़ेगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मुस्कान के शरीर पर किसी तरह के बाहरी चोट के निशान नहीं पाए गए हैं। रिपोर्ट के आधार पर प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने अभी मामले में किसी अंतिम निष्कर्ष पर पहुंचने से इंकार किया है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का विस्तृत अध्ययन करने के साथ ही मामले से जुड़े अन्य तथ्यों और परिस्थितियों की भी जांच कर रही है।

पुलिस के अनुसार मुस्कान ने पिछले सप्ताह गांव बहुअकबरपुर स्थित अपने घर पर फांसी लगा ली थी। घटना के बाद मामला चर्चा में आने पर पुलिस ने जांच के दौरान अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी शीलू, उसके पिता सहित कुछ अन्य लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की थी। पुलिस ने पूछताछ पूरी करने के बाद सभी को छोड़ दिया था। पुलिस की ओर से उस समय भी मामले के सभी पहलुओं की जांच किए जाने की बात कही गई थी। मामले को लेकर गांव बहुअकबर पुर व फरमाना के पंचायत प्रतिनिधियों की बैठक भी हुई थी। पंचायत में यह बात रखी गई थी कि मुस्कान की तेरहवीं तक पुलिस की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की जाए। इसके बाद पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद अब पुलिस मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया पर विचार कर रही है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार रिपोर्ट में बाहरी चोट के निशान नहीं मिलने की बात सामने आई है, लेकिन केवल पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर ही पूरे मामले का निष्कर्ष नहीं निकाला जाएगा। जांच अधिकारी ने बताया कि मुस्कान की पोस्टमार्टम रिपोर्ट पुलिस को मिल गई है और उसका अध्ययन किया जा रहा है। रिपोर्ट में शरीर पर बाहरी चोट के निशान नहीं मिलने की जानकारी है। उन्होंने कहा कि पुलिस मामले से जुड़े सभी तथ्यों की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर कानूनी राय ली जाएगी और उसके बाद नियमानुसार आगामी कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल