सोनीपत: दीपावली पर जूसर-मिक्सर फैक्ट्री में भीषण आग, कई घंटे बाद पाया काबू

 


सोनीपत, 09 नवंबर (हि.स.)। सोनीपत के बड़ी औद्योगिक क्षेत्र फेस-1 स्थित नॉर्थ वेस्ट

इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड में दीपावली के दिन भीषण आग लग गई। फैक्ट्री में जूसर

और मिक्सर बनाने का काम होता है। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही समय में पूरी फैक्ट्री

इसकी चपेट में आ गई। आग की ऊंची लपटें और धुएं का गुबार दूर तक दिखाई दिया। आग बुझाने

के लिए सोनीपत की छह दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। आग की गंभीरता को देखते हुए पानीपत

से भी दमकल गाड़ियां बुलानी पड़ीं। कई घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।

फिलहाल आग लगने के कारणों और फैक्ट्री में हुए नुकसान का पता नहीं चल पाया है।

जानकारी के अनुसार, दीपावली के दिन फैक्ट्री में अचानक आग

लग गई। फैक्ट्री में टीन शेड के अंदर उत्पादन का काम होता था। आग लगने के बाद लपटें

तेजी से फैलती चली गईं और देखते ही देखते पूरे परिसर को अपनी चपेट में ले लिया। आग

की भयावहता को देखते हुए दमकल विभाग को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची दमकल टीमों ने

आग बुझाने के साथ उसे आसपास की फैक्ट्रियों तक फैलने से रोकने के प्रयास शुरू किए।

आग फैक्ट्री के अंदर काफी फैल चुकी थी। टीन शेड के कारण दमकल

कर्मियों को अंदर तक पहुंचकर आग बुझाने में परेशानी हुई। ऐसे में अलग-अलग दिशाओं से

पानी की बौछार करनी पड़ी। आग की तीव्रता अधिक होने के कारण सोनीपत के अलावा पानीपत

से भी दमकल गाड़ियां मंगवाई गईं। कई घंटे तक लगातार प्रयास करने के बाद आग पर नियंत्रण

पाया जा सका।

दमकल अधिकारी रामेश्वर ने बताया कि औद्योगिक क्षेत्र में कई

फैक्ट्री संचालक बिना नक्शा पास कराए निर्माण कर लेते हैं। इसके अलावा कई जगह दमकल

गाड़ियों की आवाजाही के लिए बनाई गई सड़कों पर भी अतिक्रमण कर लिया जाता है। ऐसे में

आग लगने जैसी आपात स्थिति में दमकल गाड़ियों को मौके तक पहुंचने और आसपास घूमने में

परेशानी होती है। रास्ते उपलब्ध नहीं होने से आग बुझाने में अतिरिक्त समय और मेहनत

लगती है। उन्होंने कहा कि अवैध निर्माण और रास्तों पर कब्जे आपात स्थिति में बड़ी बाधा

बनते हैं।

फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों की पुष्टि नहीं हुई है।

शॉर्ट सर्किट या किसी अन्य वजह से आग लगी, इसकी जांच की जा रही है। फैक्ट्री में मशीनों,

तैयार माल और अन्य सामान को कितना नुकसान हुआ है, इसका आकलन भी अभी नहीं हो पाया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना