यमुनानगर: भारी मात्रा में स्मैक के साथ चार आरोपी गिरफ्तार

 


यमुनानगर, 23 जून (हि.स.) जिले में चलाए गए विशेष अभियान के दौरान विभिन्न पुलिस टीमों ने अलग-अलग स्थानों से 1.3 किलोग्राम से अधिक स्मैक बरामद कर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस प्रवक्ता के अनुसार एंटी नारकोटिक सेल को सूचना मिली थी कि एक युवक विश्वकर्मा चौक क्षेत्र में भारी मात्रा में मादक पदार्थ लेकर घूम रहा है। सूचना के आधार पर एंटी नारकोटिक सेल प्रभारी अनिल कुमार के निर्देशन में गठित टीम ने मौके पर कार्रवाई की।

ड्यूटी मजिस्ट्रेट एईटीओ प्रीति तोमर की मौजूदगी में तलाशी लेने पर आरोपी के कब्जे से 1 किलो 200 ग्राम स्मैक बरामद हुई, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब डेढ़ करोड़ रुपये बताई जा रही है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान उत्तर प्रदेश निवासी मोहम्मद सलीम के रूप में हुई है। उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर पूछताछ की जा रही है। इसके अलावा पुलिस चौकी हमीदा की टीम ने आनंद कॉलोनी, पुराना हमीदा निवासी मोहसिन को 102.84 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार किया। वहीं थाना प्रतापनगर पुलिस ने बिलासपुर क्षेत्र के गांव बुड्ढी निवासी इकबाल खान तथा साजिद खान को 16.99 ग्राम स्मैक सहित काबू किया।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अभियान के तहत नशा तस्करी में संलिप्त व्यक्तियों की पहचान कर लगातार कार्रवाई की जा रही है। रिमांड अवधि के दौरान आरोपियों से मादक पदार्थों की सप्लाई चेन और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में पूछताछ की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार