पलवल के गोबिंद नगर बुस्टिंग स्टेशन हादसे में बड़ी कार्रवाई, एसडीओ व जेई निलंबित

 

पलवल, 03 मार्च (हि.स.)। पलवल शहर के गोबिंद नगर स्थित बुस्टिंग स्टेशन के अंडरग्राउंड वाटर टैंक में डूबने से 26 फरवरी को 12 वर्षीय बच्चे की हुई दर्दनाक मौत के मामले में विभाग ने सख्त कार्रवाई की है। लापरवाही पाए जाने पर जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी एवं लोक निर्माण विभाग ने पलवल में तैनात संबंधित एसडीओ और जेई को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है, जबकि संबंधित एक्सईन को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।

विभागीय स्तर पर की गई प्रारंभिक जांच में पलवल स्थित बुस्टिंग स्टेशन पर सुरक्षा मानकों के पालन में कमी सामने आने पर यह कार्रवाई अमल में लाई गई। विभाग ने स्पष्ट किया है कि पलवल सहित प्रदेशभर में सार्वजनिक स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करना अधिकारियों की प्राथमिक जिम्मेदारी है और इस प्रकार की लापरवाही को गंभीरता से लिया जाएगा।

गौरतलब है कि 26 फरवरी को पलवल के गोबिंद नगर क्षेत्र में स्थित बूस्टिंग स्टेशन परिसर के अंडरग्राउंड वाटर टैंक में डूबने से एक 12 वर्षीय बच्चे की मौत हो गई थी। घटना के बाद पलवल शहर में शोक और रोष का माहौल बन गया था। मामले को गंभीरता से लेते हुए विभाग ने तुरंत जांच शुरू कर दी थी। विभागीय अधिकारियों ने निर्देश दिए हैं कि पलवल जिले के सभी बूस्टिंग स्टेशनों, वाटर टैंकों और संबंधित परिसरों का तत्काल निरीक्षण किया जाए तथा सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जाए। जहां भी कमियां पाई जाएं, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर दूर किया जाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। विभाग ने दोहराया है कि पलवल में आमजन की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और जिम्मेदारी तय करते हुए आगे भी आवश्यक कार्रवाई जारी रहेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / गुरुदत्त गर्ग