हांसी में अवैध कचरा डंपिंग पर नगर परिषद की बड़ी कार्रवाई
ट्रक जब्त करके 10 हजार का चालान
हांसी, 28 जुलाई (हि.स.)। शहर में अवैध कचरा डंपिंग
के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत नगर परिषद ने दिल्ली पुल के पास बड़ी कार्रवाई
करते हुए सब्जी मंडी का कचरा फेंक रहे एक ट्रक को रंगे हाथों पकड़ लिया। एडीसी लक्षित
सरीन की मौजूदगी में ट्रक को जब्त कर 10 हजार का चालान किया गया। साथ ही ट्रक चालक
के बयान के आधार पर संबंधित दुकानदार को मौके पर बुलाकर भविष्य में ऐसी लापरवाही नहीं
करने की सख्त चेतावनी दी गई।
नगर परिषद की टीम को मंगलवार को सूचना मिली थी
कि दिल्ली पुल के समीप प्रतिबंधित स्थान पर एक ट्रक चालक द्वारा कचरा डंप किया जा रहा
है। कार्रवाई के दौरान ट्रक में सब्जी मंडी से निकला गीला कचरा, जिसमें केले के छिलके
सहित अन्य जैविक अपशिष्ट भरा हुआ था। पूछताछ में चालक ने बताया कि वह संबंधित दुकानदार
के निर्देश पर यहां कचरा डालने आया था। इसके बाद नगर परिषद ने तुरंत कार्रवाई करते
हुए वाहन जब्त कर चालान किया और सब्जी मंडी के सचिव व संबंधित दुकानदार को भी मौके
पर बुलाया।
दिल्ली पुल के पास का क्षेत्र लंबे समय से अवैध
कचरा डंपिंग की समस्या से जूझ रहा है। इस मामले को लेकर अधिवक्ता कुशल सैनी द्वारा
राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) में याचिका दायर की गई है, जिस पर 6 अगस्त को सुनवाई
प्रस्तावित है। इसी को देखते हुए नगर परिषद प्रशासन इस क्षेत्र को पूरी तरह स्वच्छ
बनाने के लिए लगातार अभियान चला रहा है।
नगर परिषद के प्लानिंग इंस्पेक्टर सुरजीत ने बताया
कि एनजीटी के निर्देशों के अनुसार शहर में अवैध डंपिंग रोकने के लिए विशेष निगरानी
की जा रही है। दिल्ली पुल क्षेत्र के अलावा कायमसर झील और बीड फार्म स्थित डंपिंग स्टेशन
को भी संवेदनशील स्थल घोषित कर नियमित निरीक्षण किया जा रहा है। उन्होंने शहरवासियों
से अपील की कि घरों और दुकानों का कचरा सार्वजनिक स्थानों पर फेंकने के बजाय डस्टबिन
का उपयोग करें तथा नगर परिषद के कचरा संग्रहण वाहनों में ही कचरा डालें, ताकि शहर को
स्वच्छ और प्रदूषण मुक्त बनाया जा सके।
प्रशासन की कार्रवाई की सराहना
याचिकाकर्ता अधिवक्ता कुशल सैनी ने कहा कि एनजीटी
के आदेशों के अनुसार इस पूरे क्षेत्र को पूरी तरह साफ किया जाना है। उन्होंने बताया
कि भविष्य में यहां वाटर स्टोरेज प्लांट स्थापित होने की संभावना है, इसलिए इस स्थान
को प्रदूषण मुक्त रखना बेहद जरूरी है। उन्होंने एडीसी लक्षित सरीन और नगर परिषद की
टीम द्वारा समयबद्ध कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि प्रशासन की सक्रियता के कारण
क्षेत्र में साफ-सफाई का सकारात्मक प्रभाव अब स्पष्ट रूप से दिखाई देने लगा है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर