हिसार : कोयले की बोरियों में छिपाकर लाए डोडा पोस्त का मुख्य सप्लायर गिरफ्तार

 


ट्रक चालक के बाद अब पीली मंदोरी निवासी हरदीप पुलिस के शिकंजे में

हिसार, 21 नवंबर (हि.स.)। कोयले की बोरियों के बीच छिपाकर लाई जा रही पांच

क्विंटल 50 किलो 300 ग्राम डोडा पोस्त की खेप के मामले में एंटी नारकोटिक्स सेल (एएनसी)

स्टाफ ने मुख्य सप्लायर को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान गांव पीली मंदोरी

निवासी हरदीप के रूप में हुई है। इस मामले में पुलिस ट्रक चालक मेहूवाला निवासी रोहताश

को पहले ही ट्रक सहित गिरफ्तार कर चुकी है।

एएनसी स्टाफ प्रभारी नाराज सिंह के नेतृत्व में शनिवार काे सहायक उप निरीक्षक उपेन्द्र

की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए अशोक लीलैंड ट्रक से डोडा पोस्त

की बड़ी खेप बरामद की थी। तस्करों ने पुलिस से बचने के लिए नशीले पदार्थ को कोयले की

बोरियों के बीच छिपा रखा था। ट्रक की तलाशी लेने पर 28 काले रंग के कट्टों में कुल

पांच क्विंटल 50 किलो 300 ग्राम डोडा पोस्त बरामद हुआ था। इस संबंध में आदमपुर थाना

में मादक पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। जांच को आगे बढ़ाते

हुए पुलिस ने अब खेप के मुख्य सप्लायर हरदीप को गिरफ्तार किया है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर