हिसार : विदेश भेजने और शस्त्र लाइसेंस के नाम पर लाखों की ठगी का मुख्य आरोपी गिरफ्तार
आरोपी पांच दिन के पुलिस रिमांड पर
हिसार, 30 अगस्त (हि.स.)। अमेरिका-कनाडा भेजने,
मुकदमे से नाम निकलवाने और शस्त्र लाइसेंस बनवाने के नाम पर लाखों रुपये की धोखाधड़ी
करने के मामले में जिले की आर्थिक अपराध शाखा ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया है।
इकोनॉमिक सेल प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार की टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी राहुल
उर्फ रोहित बंसल को गिरफ्तार किया।
आरोपी को अदालत में पेश कर पांच दिन के पुलिस रिमांड
पर लिया गया है। पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान वर्तमान में पटियाला
में रह रहे दिल्ली के पटपड़गंज निवासी राहुल उर्फ रोहित बंसल के रूप में हुई है। आरोपी
के खिलाफ नगथला निवासी बलवंत की शिकायत पर अग्रोहा थाना में धोखाधड़ी का मामला दर्ज
किया गया था। जांच में सामने आया कि आरोपी ने अपने सहयोगी विनोद कुमार के साथ मिलकर
शिकायतकर्ता और उसके परिजनों को अलग-अलग झांसे देकर लाखों रुपये की ठगी की। पुलिस के
मुताबिक शिकायतकर्ता के बेटे अमित को एक मुकदमे से बरी करवाने के नाम पर पांच लाख रुपये,
शस्त्र लाइसेंस बनवाने के नाम पर एक लाख 10 हजार रुपये और अमेरिका-कनाडा का वर्क वीजा
लगवाने के नाम पर 25 लाख रुपये से अधिक लिए गए।
इसके अलावा शिकायतकर्ता के बेटे के दोस्तों सोनीपत
निवासी अंकित व अजय से भी वीजा लगवाने के नाम पर 46 लाख रुपये लेने का आरोप है। पुलिस
के अनुसार आरोपी ने अन्य लोगों से भी फर्जी तरीके से लाखों रुपये की ठगी की है। पुलिस
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी ने शिकायतकर्ता का विश्वास जीतने के लिए अपनी दो
गाड़ियां आई-20 और टाटा टियागो उसके पास खड़ी कर दी थीं। बाद में आरोपी दोनों गाड़ियां
वापस ले गया और अपना मकान बंद कर परिवार सहित फरार हो गया।
इकोनॉमिक सेल प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार ने
बताया कि आरोपी को पांच दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। रिमांड के दौरान ठगी की
रकम की बरामदगी, फर्जी वीजा दस्तावेजों के संबंध में पूछताछ तथा मामले में शामिल अन्य
आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास किए जाएंगे।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर