हिसार : गौशाला की दीवार को लेकर खूनी बवाल, मुख्य आरोपी ‘बाबा गोविंद गिरी’ गिरफ्तार

 


जानलेवा हमले में इस्तेमाल 24 इंच का लोहे का चिमटा बरामद, तीन आरोपी पहले

काबू

हिसार, 27 अगस्त (हि.स.)। गांव पनिहारी में गौशाला की दीवार निर्माण मामले

में हुए विवाद में मारपीट और जानलेवा हमले के मामले में बरवाला पुलिस ने गुरुवार काे मुख्य आरोपी

मुकेश कुमार उर्फ ‘बाबा गोविंद गिरी’ को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात

में इस्तेमाल किया गया 24 इंच लंबा लोहे का चिमटा भी बरामद किया है। आरोपी उत्तर प्रदेश

के शामली का रहने वाला है और फिलहाल गांव पनिहारी स्थित डेरा बाबा दयापुरी में रह रहा

था।

पुलिस प्रवक्ता ने गुरुवार को बताया कि गांव पनिहारी में गौशाला की दीवार निर्माण को

लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया था। आरोप है कि इसी दौरान बलबीर और उसके परिजनों

पर बाबा गोविंद गिरी और उसके साथियों ने डंडों, लाठियों, ईंट-पत्थरों और लोहे के चिमटे

से हमला कर दिया। हमले में कई लोग घायल हुए थे। शिकायत के आधार पर बरवाला थाना में

मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। मामले में पुलिस अब तक चार आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। छह अगस्त को पनिहारी

निवासी बिन्द्र को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया था। इसके बाद इसी गांव

के राममेहर व धनसिंह को गिरफ्तार किया गया। अब पुलिस ने मामले के मुख्य आरोपी मुकेश

कुमार उर्फ बाबा गोविंद गिरी को भी दबोच लिया है।

जांच के दौरान पुलिस टीम ने आरोपी की निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त 24

इंच लंबा लोहे का चिमटा बरामद किया। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश किया, जहां से

उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पुलिस अब मामले में शामिल अन्य आरोपियों

की तलाश में जुटी है। पुलिस का कहना है कि वारदात में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा

नहीं जाएगा और कानून हाथ में लेकर हिंसा करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर