हिसार : जिला समाज कल्याण अधिकारी महावीर गोदारा राज्य पुरस्कार से सम्मानित

 


नशा मुक्ति अभियान व समाज कल्याण योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन पर मिला सम्मान

हिसार, 28 जून (हि.स.)। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के जिला समाज कल्याण

अधिकारी महावीर गोदारा को समाज कल्याण योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और नशा मुक्त

भारत अभियान में उल्लेखनीय प्रशासनिक नेतृत्व के लिए राज्य पुरस्कार से सम्मानित किया

गया। अंतरराष्ट्रीय नशा निषेध दिवस पर आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में हरियाणा सरकार

के कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी ने उन्हें यह सम्मान प्रदान किया।

वर्तमान में महावीर गोदारा हांसी, हिसार और रोहतक जिलों का कार्यभार संभाल

रहे हैं। उनके नेतृत्व में तीनों जिलों में समाज कल्याण विभाग की योजनाओं के प्रभावी

संचालन के साथ नशा मुक्त भारत अभियान के तहत विद्यालयों, महाविद्यालयों, पंचायतों और

सामाजिक संस्थाओं के सहयोग से व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाए गए। इन अभियानों के माध्यम

से युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए नशामुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित

किया गया।

राज्य पुरस्कार मिलने पर महावीर गोदारा ने रविवार काे कहा कि यह सम्मान केवल उनका नहीं,

बल्कि समाज कल्याण विभाग, जिला प्रशासन, अधिकारियों, कर्मचारियों, स्वयंसेवकों और सामाजिक

संगठनों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी अंतिम व्यक्ति

तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने और नशा मुक्त हरियाणा के लक्ष्य को साकार करने के

लिए पूरी निष्ठा के साथ कार्य करते रहेंगे। समाज कल्याण अधिकारी महावीर गोदारा को राज्य

पुरस्कार मिलने पर विभागीय अधिकारियों, कर्मचारियों, सामाजिक संगठनों और विभिन्न क्षेत्रों

के गणमान्य लोगों ने उन्हें बधाई देते हुए इसे पूरे क्षेत्र के लिए गौरव का क्षण बताया।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर