कैथल: कमरे से 639 ग्राम चरस मिलने के मामले में जेल में बंद महंत गिरफ्तार

 


कैथल, 10 सितंबर (हि.स.)। बाबा लदाना स्थित डेरा बाबा राजपुरी के महंत रहे दुजपुरी की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। हत्या के मामले में जिला जेल में बंद दुजपुरी को डेरा परिसर स्थित उसके कमरे से 639 ग्राम चरस (सुल्फा) बरामद होने के मामले में संगतपुरा चौकी पुलिस ने प्रोडक्शन वारंट पर लिया है। अदालत में पेश करने के बाद पुलिस को आरोपी का पांच दिन का रिमांड मिला है।

पुलिस के अनुसार सात सितंबर को न्यायालय के आदेश पर डेरा बाबा राजपुरी में तलाशी अभियान चलाया गया था। इस दौरान दुजपुरी के विश्राम कक्ष में बनी अलमारी से पॉलीथिन में रखा 639 ग्राम नशीला पदार्थ बरामद हुआ था। पुलिस ने पदार्थ को चरस (सुल्फा) बताते हुए इस संबंध में सदर थाने में केस दर्ज किया था।मामले की जांच संगतपुरा चौकी प्रभारी एसआई बलराज सिंह को सौंपी गई। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपी दुजपुरी पहले से ही साधु शिव शंकर पुरी की हत्या के मामले में जिला जेल में बंद है। इसके बाद पुलिस ने अदालत से प्रोडक्शन वारंट हासिल कर उसे इस मामले में गिरफ्तार किया। पुलिस का कहना है कि रिमांड के दौरान आरोपी से बरामद नशीले पदार्थ के संबंध में पूछताछ की जाएगी। साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जाएगा कि चरस कहां से लाई गई थी और इसमें कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल है या नहीं। मामले में जांच जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे