हिसार : राजकीय महिला काॅलेज में छात्राओं को यातायात नियमों के प्रति किया जागरूक
सड़क सुरक्षा प्रश्नोत्तरी में 200 छात्राओं ने लिया हिस्सा, जिम्मेदारी से यातायात नियम पालन का आह्वान
हिसार, 31 अगस्त (हि.स.)। सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और विद्यार्थियों को यातायात
नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से साेमवार काे राजकीय महिला महाविद्यालय में सड़क
सुरक्षा प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में महाविद्यालय की करीब
200 छात्राओं ने भाग लेकर सड़क सुरक्षा से संबंधित अपने ज्ञान का प्रदर्शन
किया।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राचार्य ने छात्राओं को संबोधित करते हुए साेमवार काे कहा
कि सड़क दुर्घटनाओं से बचने के लिए यातायात नियमों की जानकारी के साथ उनका जिम्मेदारीपूर्वक
पालन करना भी जरूरी है। उन्होंने छात्राओं से वाहन चलाते समय हेलमेट और सीट बेल्ट का
इस्तेमाल करने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने तथा मोबाइल फोन का प्रयोग नहीं करने
की अपील की। उन्होंने कहा कि पैदल चलते समय भी सड़क पार करने सहित अन्य नियमों का ध्यान
रखना चाहिए। जागरूकता और सावधानी के माध्यम से सड़क दुर्घटनाओं को काफी हद तक रोका
जा सकता है। प्रतियोगिता का आयोजन सड़क सुरक्षा क्लब की इंचार्ज निशा के मार्गदर्शन में
किया गया। सड़क सुरक्षा समिति के सदस्य सुशील और रजनी ने भी कार्यक्रम में उपस्थित
रहकर आयोजन को सफल बनाने में सहयोग दिया।
इस दौरान डॉ. सतेंद्र यादव और डॉ. अमित कुमार ने छात्राओं का मार्गदर्शन किया
तथा सड़क सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण नियमों और सावधानियों की जानकारी दी। उन्होंने
कहा कि सड़क सुरक्षा केवल व्यक्तिगत जिम्मेदारी नहीं, बल्कि सामूहिक जिम्मेदारी भी
है। छात्राएं स्वयं यातायात नियमों का पालन करने के साथ अपने परिवार और आसपास के लोगों
को भी इसके प्रति जागरूक करें।
प्रतियोगिता के माध्यम से छात्राओं को सड़क सुरक्षा नियमों की जानकारी देने
के साथ उनमें जिम्मेदार नागरिक होने की भावना विकसित करने का प्रयास किया गया। छात्राओं
ने प्रतियोगिता में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और सड़क सुरक्षा से संबंधित सवालों के जवाब
देकर अपनी जागरूकता का परिचय दिया। महाविद्यालय प्रशासन ने बताया कि विद्यार्थियों
को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के लिए भविष्य में भी प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता,
जागरूकता अभियान और अन्य गतिविधियों का आयोजन जारी रखा जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर