यमुनानगर: गैस किल्लत पर सड़क पर उतरी,आम आदमी पार्टी, व्यवस्था सुधारने की मांग

 


यमुनानगर, 17 मार्च (हि.स.)। रसोई गैस की कमी को लेकर आम आदमी पार्टी ने शहर में विरोध प्रदर्शन किया। यमुनानगर के जगाधरी के झंडा चौक पर आयोजित प्रदर्शन में पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बड़ी संख्या में स्थानीय लोग शामिल हुए और गैस आपूर्ति व्यवस्था में सुधार की मांग उठाई।

प्रदर्शन के दौरान मंगलवार को कार्यकर्ताओं ने सरकार और संबंधित विभाग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कहा कि लंबे समय से उपभोक्ता गैस सिलेंडर की उपलब्धता को लेकर परेशान हैं। लोगों को समय पर गैस नहीं मिल रही, जिससे घरेलू कार्य प्रभावित हो रहे हैं। पार्टी के प्रदेश स्तर के पदाधिकारी आदर्श पाल सिंह ने कहा कि आम नागरिकों को सिलेंडर बुकिंग के बाद भी कई तरह की दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि उपभोक्ताओं को ओटीपी समय पर प्राप्त नहीं हो रहे और वितरण केंद्रों पर भी अनावश्यक देरी हो रही है। इससे लोगों का समय और संसाधन दोनों प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह समस्या केवल गैस आपूर्ति तक सीमित नहीं है, बल्कि आम परिवारों की दिनचर्या से जुड़ा महत्वपूर्ण मुद्दा है। सरकार को इस दिशा में तत्काल प्रभाव से कदम उठाने चाहिए, ताकि लोगों को राहत मिल सके। प्रदर्शन के दौरान पार्टी नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि स्थिति में जल्द सुधार नहीं हुआ, तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर जिला स्तर से आगे बढ़ाकर राज्य स्तर तक विरोध तेज किया जाएगा।

जिलाध्यक्ष राहुल भान ने भी प्रशासन से मांग की कि गैस वितरण प्रणाली की निष्पक्ष जांच कराई जाए और पारदर्शिता सुनिश्चित की जाए, ताकि उपभोक्ताओं को समय पर गैस उपलब्ध हो सके। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाना चाहिए।

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार