यमुनानगर:गैस संकट के बीच प्रशासन का दावा, स्थिति सामान्य
यमुनानगर, 21 मार्च (हि.स.)। यमुनानगर में घरेलू रसोई गैस की कमी को लेकर बनी स्थिति के बीच प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में एलपीजी सिलेंडरों का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है और आम उपभोक्ताओं को घबराने की आवश्यकता नहीं है। अतिरिक्त उपायुक्त नवीन आहूजा ने शनिवार को बताया कि पैट्रोलियम कंपनियों से प्राप्त जानकारी के अनुसार घरेलू उपयोग के लिए गैस की आपूर्ति सामान्य है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे गैस एजेंसियों पर अनावश्यक भीड़ न लगाएं और केवल मोबाइल या ऑनलाइन माध्यम से ही सिलेंडर की बुकिंग करें।
उन्होंने कहा कि व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए जिला स्तर पर निगरानी टीमों का गठन किया गया है, जो गैस एजेंसियों की कार्यप्रणाली और घरेलू गैस के वाणिज्यिक उपयोग पर नजर रख रही हैं। साथ ही आवश्यक सेवाओं जैसे अस्पताल, शिक्षण संस्थान और अन्य जरूरतमंद वर्गों को प्राथमिकता के आधार पर गैस उपलब्ध कराई जा रही है। जिला खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले नियंत्रक नितेश कुमार सिंगला ने भी लोगों से अफवाहों से बचने और धैर्य बनाए रखने की अपील की है।
उन्होंने कहा कि किसी भी स्थिति में गैस सिलेंडरों का अनावश्यक भंडारण न किया जाए। उन्होंने जानकारी दी कि तेल कंपनियों द्वारा निर्धारित समय अंतराल के बाद ही नई बुकिंग स्वीकार की जा रही है, जिससे वितरण व्यवस्था संतुलित बनी रहे। बुकिंग के बाद निर्धारित समय सीमा में सिलेंडर की आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है। अधिकारियों ने उपभोक्ताओं से कहा है कि यदि किसी को गैस आपूर्ति से संबंधित समस्या आती है, तो वह संबंधित तेल कंपनियों के टोल-फ्री नंबरों पर शिकायत दर्ज करा सकता है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार