सोनीपत: भाजपा सरकार बनाने में गोहाना क्षेत्र का महत्वपूर्ण योगदान, विकास की नई रफ्तार तेज : डॉ अरविंद शर्मा
सोनीपत, 25 मार्च (हि.स.)। सहकारिता,
कारागार, निर्वाचन, विरासत एवं पर्यटन मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा है कि गोहाना की
जनता के आशीर्वाद से पहली बार कमल खिला है और भाजपा सरकार बनाने में क्षेत्र ने महत्वपूर्ण
योगदान दिया है। उन्होंने बताया कि जनता के इसी विश्वास के प्रति आभार व्यक्त करने
के लिए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी 29 मार्च को सुबह 11 बजे नई सब्जी मंडी में आयोजित
धन्यवाद एवं विकास रैली में शामिल होंगे, जहां कई विकास परियोजनाओं की घोषणा की जाएगी।
मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने बुधवार
को मदनलाल धींगड़ा पार्क व स्टेडियम तथा जवाहर लाल नेहरू
पार्क में सुबह सैर के दौरान नागरिकों से संवाद किया और उन्हें रैली में शामिल होने
का न्यौता दिया। इसके बाद उन्होंने शहर के विभिन्न स्थानों पर आयोजित कार्यक्रमों में
भाग लेकर लोगों से अधिक संख्या में रैली में पहुंचने का आह्वान किया। कॉलेज मोड़ पर
आयोजित एक कार्यक्रम में डॉ रीटा शर्मा के साथ पहुंचे मंत्री का स्वागत वरिष्ठ भाजपा
नेता प्रदीप सांगवान व सुमित कक्कड़ ने किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री
के नेतृत्व में गोहाना के विकास को नई दिशा मिलेगी और कई महत्वपूर्ण घोषणाएं क्षेत्र
की तस्वीर बदलेंगी। उन्होंने कहा कि सरकार 36 बिरादरी की सांझी सरकार है, जिसमें हर
वर्ग की भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है। अंत्योदय की भावना के तहत जरूरतमंदों तक
योजनाओं का लाभ पहुंचाया जा रहा है, लेकिन इसके लिए आमजन का सहयोग भी आवश्यक है।
इस दौरान
सुमित कक्कड़ द्वारा 2100 बेटियों को निशुल्क कंप्यूटर प्रशिक्षण देने की पहल की सराहना
करते हुए मंत्री ने अपने स्वैच्छिक कोष से 5 लाख रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने
कहा कि बेटियों के कौशल विकास से समाज मजबूत होगा। इस मौके पर मार्किट कमेटी गोहाना
प्रधान कृष्ण सैनी, डॉ ओमप्रकाश शर्मा, डॉ रमेश कश्यप, नरेन्द्र गहलावत, अरुण बड़ौक,
संजय मेहंदीरत्ता, सुरेंद्र कालड़ा, श्याम मेहता समेत बड़ी संख्या में आमजन एवं पदाधिकारी
उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना