सोनीपत: दीपावली पर बाजारों में उमड़ी भीड़ खूब हुई खरीदारी

 


सोनीपत, 08 नवंबर (हि.स.)। दीपावली की पूर्व संध्या छोटी दीपावली और बड़ी दीपावली

पर रविवार को शहर के बाजारों में खूब रौनक रही। सुबह से ही बाजारों में खरीदारों की

भीड़ जुटनी शुरू हो गई थी। सड़कों पर वाहनों की कतारें लगी रहीं और दुकानों पर ग्राहकों

की आवाजाही बनी रही। लोगों ने त्योहार के लिए पूजा सामग्री, बर्तन, मिठाइयां, कपड़े,

जूते और घर सजाने का सामान खरीदा। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक में त्योहार को लेकर

उत्साह दिखाई दिया।

शहर के कच्चे क्वार्टर, गोहाना रोड मार्केट, मिशन चौक, गीता

भवन और बस अड्डे के आसपास के बाजारों में सबसे ज्यादा चहल-पहल रही। दुकानों पर लक्ष्मी-गणेश

की मूर्तियां, मिट्टी के दीये, पूजा की थालियां, सजावटी झालरें और रंगोली के डिजाइन

वाले सामान की मांग रही। छोटी दीपावली पर नए बर्तन खरीदने की परंपरा के चलते बर्तनों

की दुकानों पर भी ग्राहकों की भीड़ लगी रही।

मिठाई की दुकानों पर केसर बर्फी, मिल्क केक, सोन पापड़ी और

चॉकलेट के उपहार पैक की खूब बिक्री हुई। वहीं कपड़ों की दुकानों पर युवाओं ने ब्रांडेड

कपड़े और जूते पसंद किए। महिलाएं पारंपरिक सूट, साड़ियों और आभूषणों की खरीदारी करती

नजर आईं। दुकानदारों ने ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए अलग-अलग सामान पर छूट और विशेष

ऑफर भी दिए।

कच्चे क्वार्टर बाजार के व्यापारी राकेश ने बताया कि पिछले

कुछ वर्षों की तुलना में इस बार बाजार में ग्राहकों की संख्या अधिक दिखाई दे रही है।

बिक्री में भी सुधार हुआ है। दुकानदार सोनू और रोहित ने बताया कि इस बार दीपावली महीने

की शुरुआत में होने और वेतन मिलने के बाद लोगों के पास खरीदारी के लिए पर्याप्त पैसा

होने से बाजार में अच्छी रौनक है।

शाम होते ही शहर रोशनी से जगमगा उठा। घरों की बालकनियों और

दुकानों के बाहर रंग-बिरंगी लाइटें आकर्षण का केंद्र बनी रहीं। बच्चों ने पटाखे चलाए

और दीप जलाए। परिवारों ने छोटी दीपावली की पूजा की। मिठाई की दुकानों पर देर शाम तक

ग्राहकों की भीड़ लगी रही। त्योहार के उत्साह के बीच बाजारों में देर रात तक खरीदारी

का सिलसिला चलता रहा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना