यमुनानगर:साइबर सेल ने गुम हुए 54 मोबाइल बरामद कर लौटाए
यमुनानगर, 06 अप्रैल (हि.स.) यमुनानगर की साइबर सेल ने गुम हुए मोबाइल फोनों की बरामदगी में महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। पुलिस टीम ने मार्च माह के दौरान करीब 12 लाख रुपये मूल्य के 54 मोबाइल फोन ट्रेस कर उनके वास्तविक मालिकों को वापस सौंपे। पुलिस अधीक्षक कमलदीप गोयल ने बताया कि साइबर सेल लगातार तकनीकी संसाधनों के माध्यम से अपराधियों पर निगरानी रखने के साथ-साथ आमजन की समस्याओं के समाधान में भी सक्रिय भूमिका निभा रही है। इसी क्रम में टीम ने गुमशुदा मोबाइल फोन से जुड़े मामलों में प्रभावी कार्रवाई करते हुए बड़ी संख्या में फोन बरामद किए।
बरामद मोबाइल फोनों को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान संबंधित व्यक्तियों को सौंपा गया। अपने मोबाइल वापस मिलने पर लोगों ने पुलिस के प्रति आभार व्यक्त किया और साइबर सेल की कार्यप्रणाली की सराहना की। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ने कहा कि गुम या चोरी हुए मोबाइल फोन का दुरुपयोग आपराधिक गतिविधियों में किया जा सकता है, जिससे निर्दोष व्यक्ति भी अनावश्यक परेशानी में पड़ सकता है।
उन्होंने नागरिकों से अपील की कि मोबाइल फोन के खोने की स्थिति में तुरंत पुलिस को सूचना दें, ताकि समय रहते कार्रवाई कर उसे ट्रेस किया जा सके। उन्होंने यह भी कहा कि यदि किसी व्यक्ति को कोई मोबाइल फोन मिलता है, तो उसे अपने पास रखने के बजाय नजदीकी पुलिस थाना या चौकी में जमा करवाना चाहिए। पुलिस की तकनीकी टीम आईएमईआई नंबर और अन्य माध्यमों से वास्तविक मालिक की पहचान कर उसे वापस दिलाने में सक्षम है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार