पानीपत में महिला को नशीला कपड़ा सुंघाकर लूटा
पानीपत, 04 फ़रवरी (हि.स.)। पानीपत रोडवेज बस स्टैंड पर एक युवक व युवती ने मिलकर एक महिला को नशीला कपड़ा सूंघा कर कान से सोने की बालियां लेकर फरार हो गए। होश आने पर महिला ने मामले की शिकायत पुलिस को दी। पुलिस को दी शिकायत में सोनीपत निवासी सीता ने बताया कि वह मंगलवार को दोपहर बाद सोनीपत से अपनी बेटी से मिलने पानीपत आई थी। बस अड्डे के गेट के पास एक युवक उनके पास आया और करनाल की बस के बारे में पूछने लगा। इसी दौरान वहां एक लड़की भी आ गई। दोनों ने मिलकर सीता को अपनी बातों में उलझा लिया और बस स्टैंड के गेट से बाहर ले गए।
पीड़िता के अनुसार, गेट के बाहर पहुंचते ही लड़का-लड़की ने उन्हें एक रुमाल सुंघा दिया। रुमाल सुंघते ही सीता को नशा होने लगा और वह बेसुध होने लगी। इसी का फायदा उठाकर दोनों आरोपियों ने उसके कानों से सोने की बाली उतार कर रफू चक्कर हो गए। होश में आने के बाद पीड़िता ने तुरंत थाना सेक्टर-29 में शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस ने अज्ञात युवक व युवती के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस को शक है कि यह किसी संगठित 'जहरखुरानी गिरोह' का काम हो सकता है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर लिया है। साथ ही बस स्टैंड के सीसीटीवी की मदद ली जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल वर्मा