जींद : धान की खरीद नहीं होने से भड़के किसान, जींद-असंध मार्ग किया जाम

 


जींद, 07 अक्टूबर (हि.स.)। अलेवा अनाज मंडी में धान की खरीद शुरू न होने से गुस्साए अखिल भारतीय किसान सभा के पदाधिकारियों व किसानों द्वारा बुधवार को जींद-असंध मार्ग के अलेवा मुख्य चौक पर सड़क के बीचों-बीच बैठकर जाम लगा दिया। जाम लगने के कारण दोनो और वाहनों की लंबी कतारें लग गई।

जाम लगने की सूचना मिलते ही अलेवा थाना प्रभारी आत्मा राम व नायब तहसीलदार ओंकार दत्त शर्मा मौके पर पहुंचे। दोनों अधिकारियों द्वारा काफी देर किसानों को समझाने का प्रयास किया लेकिन किसान सभा के पदाधिकारी व किसान धान की सरकारी खरीद शुरू होने के बाद ही जाम खोलने की जिद् पर अड़े रहे।

मामले की सूचना मिलते ही उचाना एसडीएम सुमन यादव डीएम हैफेड अनुराग को साथ लेकर मौके पर पहंची। एसडीएम द्वारा डीएम हैफेड व जाम लगा रहे कसान सभा के पदाधिकारियों व किसानों को साथ लेकर अनाज मंडी पहुंच कर सरकारी खरीद एजेंसी के माध्यम से धान की पीआर किस्म की सरकारी खरीद शुरू करवा करीब दो घंटे से लगे जाम को खुलवाया।

खरीद एजेंसी के अधिकारी आपके समक्ष धान की कुछ ढेरी की खरीद करने के बाद मिलर अलॉट् न होने की बात कहते हुए खरीद करने से इंकार कर देगें। इसके बाद खरीद बंद होने से किसानों को दोबारा से सड़क पर बैठने को विवश होना पड़ेगा। एसडीएम ने किसानों को अवगत कराते हुए कहा कि मंडी में बेचने के लिए लाई फसल का साफ सुथरी करने के बाद सरकार की हिदायत के अनुसार एमएसपी पर खरीदा जाएगा। इसके बाद भी अगर कोई खरीद एजेंसी या मिलर किसानों की फसल में कटौती करने के बाद इसकी शिकायत कार्यालय में सबूत के साथ देने का कष्ट करेंं। कटौती का सबूत मिलने पर सबंधित विभाग के अधिकारी या मिलर के खिलाफ विभागीय कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा निर्धारित मापदंडों के अनुसार पाई जाने वाली धान की पीआर किस्म का एक-एक दाना सरकारी खरीद पर खरीदा जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा