हिसार : प्राचार्या के तबादले की मांग पर गुस्साए ग्रामीणों ने जड़ा आरोही स्कूल गेट को ताला

 




खंड शिक्षा अधिकारी व पुलिस पहुंची मौके पर, प्राचार्या का तबादला करके खुलावाया तालाहिसार, 23 फरवरी (हि.स.)। जिले के बरवाला क्षेत्र के गांव गैबीपुर के ग्रामीणों ने आरोही स्कूल की प्राचार्या का दुर्व्यवहार के चलते तबादला करवाए जाने की मांग पर सोमवार सुबह स्कूल के गेट पर ताला जड़ दिया। ग्रामीणों ने स्कूल के गेट के समक्ष दरी पर बैठकर धरना प्रदर्शन किया। इस धरना प्रदर्शन और स्कूल के गेट पर ताला जड़ने की कार्रवाई का नेतृत्व सरपंच पवन मेहता ने किया। स्कूल के गेट पर ताला लटका होने की वजह से स्कूल में पढ़ने आए बच्चे स्कूल के गेट पर ही रुके रहे। सूचना पाते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची। खंड शिक्षा अधिकारी जिले सिंह ने भी मौके पर पहुंचकर धरनारत लोगों की मांग को सुना और इन गुस्साए लोगों की मांग को पूरा करते हुए प्राचार्या का इस स्कूल से तबादला करवा कर लोगों के गुस्से को शांत करके स्कूल के गेट पर जड़े ताले को खुलवाया, तब जाकर बच्चे स्कूल में दाखिल हुए। स्कूल के गेट पर प्रातः सात बजे से लेकर 10 बजे तक लगभग तीन घंटे ताला लगा रहा। ताला खुलने के बाद स्कूल में बच्चों की पढ़ाई सुचारू रूप से हो पाई। आक्रोशित ग्रामीणों ने खंड शिक्षा अधिकारी पर भी प्राचार्या के साथ मिलीभगत करने का आरोप लगाया। धरना प्रदर्शन में शामिल सरपंच पवन मेहता, गोपी राम नलवा, सज्जन गैबीपुर, दीपक, महाबीर बेनीवाल, नरेश नागर, मन्नू व मनमोहन बेनीवाल आदि ने बताया कि स्कूल की प्राचार्या ग्रामीणों, बच्चों, स्कूल स्टाफ व ग्राम पंचायत के प्रति दुर्व्यवहार करती है। बार बार कहने के बाद भ्ज्ञी प्राचार्या ने अपने व्यवहार में कोई तबदीली नहीं की जिसके चलते लोगों को स्कूल के गेट पर ताला जड़ने का यह कदम उठाना पड़ा। जब इस बारे खंड शिक्षा अधिकारी जिले सिंह से बात की गई तो उन्होंने कहा कि स्कूल की प्राचार्या को तुरंत प्रभाव यंहा से रिलीव कर दिया गया है। प्राचार्या का तबादला जिला शिक्षा अधिकारी के आदेशानुसार खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय नारनौंद में कर दिया गया है। खंड शिक्षा अधिकारी जिले सिंह ने उन पर लगाए गए आरोपों को निराधार बताया और कहा कि यह कार्रवाई नियमानुसार की गई है। उन्होंने कहा कि बच्चों की पढ़ाई किसी भी प्रकार से बाधित नहीं होने दी जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर