हरियाणा में साेमवार काे हाेगा निकाय चुनाव का ऐलान
चंडीगढ़, 12 अप्रैल (हि.स.)। हरियाणा में सोमवार को निकाय चुनाव का ऐलान होने जा रहा है। प्रदेश की तीन नगर निगमों समेत सात निकायों में आम चुनाव और छह निकायों में उपचुनाव का ऐलान होने जा रहा है। राज्य चुनाव आयुक्त देवेंद्र सिंह कल्याण ने सोमवार को पंचकूला स्थित आयोग के कार्यालय में प्रेस कान्फ्रेंस बुलाई है। हाईकोर्ट में वार्डबंदी विवाद पहुंचने तथा कई अड़चनों के बाद चुनाव की घोषणा होने जा रही है।
पंचकूला नगर निगम में अनुसूचित जाति (एससी) वर्ग को आरक्षण पर विवाद का समाधान पहले ही किया जा चुका है। हाई कोर्ट के आदेश को अमलीजामा पहनाते हुए स्थानीय निकाय विभाग ने अधिसूचना जारी करते हुए पंचकूला में अनुसूचित जाति वर्ग के लिए फिर से तीन वार्ड आरक्षित किए हैं। आरक्षण के लिए वर्ष 2011 की जनसंख्या को आधार बनाया गया है क्योंकि हरियाणा परिवार पहचान अधिनियम के आधार पर एससी के लिए तीन सीटें आरक्षित करने को हाई कोर्ट में चुनौती दी गई थी।
हरियाणा में तीन नगर निगमों अंबाला, सोनीपत और पंचकूला के साथ ही रेवाड़ी नगर परिषद और धारूहेड़ा (रेवाड़ी), सांपला (रोहतक) तथा उकलाना (हिसार) नगर पालिकाओं के आम चुनाव होने हैं। राज्य में दो नगर परिषद टोहाना (फतेहाबाद) और झज्जर तथा चार नगर पालिकाओं राजौंद (कैथल), तरावड़ी (करनाल), सढ़ोरा (यमुनानगर) और कनीना (महेंद्रगढ़) में रिक्त पदों के लिए उपचुनाव होना है। पंचायती राज संस्थाओं में रिक्त 540 पदों पर उपचुनाव होगा, जिनमें जिला परिषद सदस्य के दो, पंचायत समिति के सदस्य के 11, सरंपच के 32 और पंच के 495 रिक्त पद शामिल हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा