कैथल: लोडेड जेसीबी की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत, चालक फरार

 


कैथल, 14 अक्टूबर (हि.स.)। गांव दयोहरा में रामा भट्ठे के पास बुधवार सुबह लोडेड जेसीबी मशीन की टक्कर लगने से मोटरसाइकिल सवार 20 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान गांव बरोट निवासी सावन पुत्र राजेंद्र के रूप में हुई है। हादसे के बाद जेसीबी चालक मशीन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना कर जांच शुरू की।

जानकारी के अनुसार, सावन मंगलवार को अपने मामा के घर गांव मलिकपुर गया हुआ था। बुधवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे वह मोटरसाइकिल पर सवार होकर दयोहरा की तरफ आ रहा था। जब वह रामा भट्ठे के पास पहुंचा तो इसी दौरान मिट्टी से लोडेड जेसीबी मशीन की चपेट में आ गया। बताया जा रहा है कि जेसीबी चालक बकेट में मिट्टी भरकर सड़क के एक तरफ से दूसरी तरफ ले जा रहा था। आरोप है कि चालक ने अचानक जेसीबी सड़क पर चढ़ा दी, जिससे मोटरसाइकिल सवार युवक को संभलने का मौका नहीं मिला और उसकी बाइक मशीन से टकरा गई।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि जेसीबी के बकेट की चपेट में आने से सावन के पेट में गंभीर चोटें आईं। उसने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद चालक जेसीबी मशीन को वहीं छोड़कर फरार हो गया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई की। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में शोक छा गया।

सदर थाना प्रभारी सब इंस्पेक्टर कुलदीप देशवाल ने बताया कि परिजनों की शिकायत के आधार पर जेसीबी चालक विपिन के खिलाफ लापरवाही से मशीन चलाने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल जेसीबी मशीन और क्षतिग्रस्त मोटरसाइकिल को कब्जे में ले लिया है। मृतक के शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंपने की कार्रवाई की गई। पुलिस मामले की आगामी जांच कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे