हिसार : आपसी मतभेद भुलाकर एकता और भाईचारे के साथ रहें : कृष्ण बेदी

 


भगवान वाल्मीकि प्रकट दिवस पर निकाली भव्य शोभायात्रा, जयकारों से गूंजा शहर

हिसार, 25 अक्टूबर (हि.स.)। भगवान वाल्मीकि प्रकट दिवस के उपलक्ष्य में भगवान

वाल्मीकि प्राचीन मंदिर, तेलियान पुल से भव्य शोभायात्रा निकाली गई। धार्मिक उत्साह

और श्रद्धा के माहौल में आयोजित इस शोभायात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं एवं

समाज के लोगों ने भाग लिया। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी ने विशेष रूप

से शिरकत की। उनके अलावा उद्योगपति जगदीश जिंदल, वन विभाग के चेयरमैन रवि सैनी, करण

तायल और रामस्वरूप पोपली सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। आयोजकों की ओर से

अतिथियों का बुके भेंट कर, मालाएं पहनाकर और शॉल ओढ़ाकर स्वागत किया गया।

शोभायात्रा में शामिल सुंदर झांकियां, बैंड-बाजे, ढोल-नगाड़े, सजी हुई बग्गियां

और फूलों की वर्षा करने वाली मशीन विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं। श्रद्धालुओं ने पूरे

उत्साह के साथ भगवान वाल्मीकि की महिमा का गुणगान किया। शोभायात्रा के सफल आयोजन में

विक्की टाक, वेद प्रकाश टीटू, समीर कांगड़ा, जीत सिंह, प्रमोद बागड़ी एडवोकेट और कुलदीप

कांगड़ा सहित अनेक सहयोगियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

आपसी मतभेद भुलाकर एकता और भाईचारे से रहें : कृष्ण बेदी

समारोह को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी ने रविवार काे समाज के लोगों से

आपसी मतभेद भुलाकर एकजुटता और भाईचारे के साथ रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि

समाज की मजबूती आपसी सहयोग, सद्भाव और एकता में निहित है। सभी को मिल-जुलकर रहते हुए

सामाजिक समरसता को मजबूत करना चाहिए।

इस अवसर पर समाजसेवी एवं उद्योगपति करण देव तायल ने भी बाबा साहब डॉ. भीमराव

अंबेडकर और भगवान वाल्मीकि की शिक्षाओं को जीवन में अपनाने का संदेश दिया। उन्होंने

शिक्षा के महत्व पर जोर देते हुए समाज के लोगों को शिक्षित बनने और आने वाली पीढ़ियों

को बेहतर शिक्षा के अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रेरित किया।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर