जींद : जबरन वसुली मांगने, जानलेवा हमला करने व गाड़ी में तोडफ़ोड़ करने के दो आरोपी काबू

 


जींद, 15 सितंबर (हि.स.)। शहर थाना नरवाना पुलिस ने जबरन वसुली मांगने, जान से मारने की धमकी देने व जानलेवा हमला करने के मामले में मंगलवार काे दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस दोनों आरोपितों से पूछताछ कर रही है।

गांव बडनपुर निवासी हरदीप ने गत 13 सितंबर को पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि उनके पिता के नरवाना इलाके में शराब के ठेके हैं। गत 13 सितंबर रात को शराब ठेकों से रिकवरी कर घर लौट रहा था। बद्दोवाल टोल प्लाजा के निकट गाडिय़ों में सवार होकर आए युवकों ने उसे रोक लिया और हमला कर दिया। आरोपितों ने उसकी गाड़ी के साथ तोडफ़ोड़ भी की। आरोपितों ने अपहरण की कोशिश करते हुए उसे अपनी गाड़ी में डालने का भी प्रयास किया।

वाहन चालकों की भीड़ इकट्ठा होते देख आरोपित फरार हो गए। हरदीप ने आरोप लगाया कि गांव बद्दोवाल निवासी शिव कुमार तथा उसके साथी उस पर मंथली के लिए दबाव बना रहे थे। जिसके चलते आरोपितों ने वारदात को अंजाम दिया है। शहर थाना नरवाना पुलिस ने हरदीप की शिकायत पर शिव कुमार, जितेंद्र, सन्नी को नामजद कर आठ अन्य के खिलाफ मारपीट करने, तोडफ़ोड़ करने, अपहरण की कोशिश करने समेत विभिन्न भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज कर लिया था। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गांव अलीपुरा हाल आबाद पातड़ा पटियाला (पंजाब) निवासी जितेंद्र तथा गांव बद्दोवाला निवासी सन्नी के रूप में हुई है। मंगलवार को जानकारी देते हुए थाना शहर नरवाना के प्रभारी निरीक्षक पूर्णदास ने बताया कि पुलिस ने दो हमलावरों को नियमानुसार गिरफ्तार कर माननीय अदालत में पेश किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा