यमुनानगर:आसमानी बिजली गिरने से मकान क्षतिग्रस्त,बाल-बाल बचा परिवार
यमुनानगर, 03 अगस्त (हि.स.)। यमुनानगर जिले के छछरौली क्षेत्र के गांव फेरूवाला में रविवार देर रात आसमानी बिजली गिरने से एक मकान बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में मकान की छत और दीवारों में गहरी दरारें पड़ गईं, जबकि बाहर बना छज्जा भरभराकर गिर गया। उसके नीचे रखा कूलर भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
राहत की बात यह रही कि बारिश शुरू होने पर परिवार कुछ ही मिनट पहले आंगन से उठकर कमरे के भीतर चला गया था, जिससे बड़ा हादसा टल गया। जानकारी के अनुसार, शंटी कुमार अपने माता-पिता, छोटे भाई, पत्नी और बेटी के साथ गांव के बस अड्डे के समीप स्थित मकान में रहते हैं।
परिवार मजदूरी कर अपना जीवन-यापन करता है। रात को भोजन के बाद सभी सदस्य गर्मी के कारण आंगन में सो रहे थे। करीब तीन बजे बूंदाबांदी शुरू होने पर वे बिस्तर समेटकर कमरे में चले गए। परिजनों के अनुसार, कमरे में पहुंचने के कुछ ही देर बाद तेज गर्जना के साथ मकान पर बिजली गिरी। धमाके की आवाज से पूरा परिवार घबरा गया। मकान की छत से प्लास्टर और सीमेंट के टुकड़े गिरने लगे।
बाहर निकलकर देखा तो छत और दीवारों में चौड़ी दरारें आ चुकी थीं तथा छज्जा टूटकर नीचे गिर गया था। उसके नीचे रखा कूलर भी पूरी तरह नष्ट हो गया। घटना की सूचना मिलते ही गांव के सरपंच रवि और अन्य ग्रामीण मौके पर पहुंचे तथा स्थिति का जायजा लिया। सोमवार सुबह राजस्व विभाग के पटवारी ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर नुकसान का आंकलन किया और रिपोर्ट प्रशासन को भेजने की प्रक्रिया शुरू की। सरपंच रवि ने कहा कि यदि परिवार समय रहते कमरे में नहीं गया होता तो जनहानि से इनकार नहीं किया जा सकता था।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार